मंदिर में उमड़ी भीड़, यातायात सुधार को बहाया पसीना

Spread the love

व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए तैनात रहे अतिरिक्त पुलिस कर्मी
मंदिर से एक किलोमीटर पहले रोकी गई श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : श्री सिद्धबली मंदिर में उमड़ी श्रद्धलुओं की भीड़ के कारण पुलिस पर यातायात का काफी दबाव रहा। व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए पुलिस को पूरे दिन पसीना बहाना पड़ा। मंदिर को जाने वाले मार्ग पर जाम की स्थिति न बने इसके लिए उत्तर प्रदेश से आने वाली श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली को सिद्धबली से करीब एक किलोमीटर पहले ही रोक दिया गया।
गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में स्थित श्री सिद्धबली मंदिर से सैकड़ों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। शनिवार व रविवार को मंदिर में भक्तों की सबसे अधिक भीड़ रहती है। ऐसे में रविवार को व्यवस्थाएं बेहतर बनी रहें इसके लिए अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती भी करवाई गई थी। सुबह से ही पुलिस फोर्स यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटी रही। दोपहिया वाहनों के साथ ही चार पहिया वाहनों को सिद्धबली की पार्किंग व नेशनल हाईवे के किनारे खाली भूमि पर खड़ा करवाया गया। वहीं, उत्तर प्रदेश के विभिन्न गांव से आने वाले श्रद्धलुओं के ट्रैक्टर-ट्रॉली को बुद्धा पार्क महाविद्यालय-मोटाढांग मार्ग पर खड़ा करवाया गया।

धूप में पैदल पहुंचे मंदिर
ट्रैक्टर-ट्रॉली को बुद्धा पार्क के समीप महाविद्यालय-मोटाढांग मार्ग पर खड़ा करने के बाद श्रद्धलु पैदले ही धूप में सिद्धबली की ओर रवाना हुए। वहीं, मंदिर में भी श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ा। बिजनौर निवासी सत्यपाल सिंह ने बताया कि उनकी श्री सिद्धबली बाबा से बड़ी आस्था है। घर में कोई भी शुभ कार्य प्रारंभ होने से पहले वह बाबा का आशीर्वाद लेने आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *