रुड़की। लक्सर में मंगलवार को सुबह से ही गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग गई। लोग घंटों सिलेंडर मिलने का इंतजार करते रहे। गैस लेने पहुंचे अमरपाल सिंह और गुलाब सिंह ने बताया कि उनका सिलेंडर कई दिन पहले खत्म हो गया था, लेकिन केवाईसी पूरी नहीं होने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। प्रधान राजपाल सिंह ने आरोप लगाया कि एजेंसी संचालक घर-घर सिलेंडर पहुंचाने का दावा करते हैं, लेकिन एजेंसी पर भी पर्याप्त सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे। वहीं सुमेरचंद, अरविंद कुमार और दीपक कुमार ने मांग की कि पहले की तरह घर-घर गैस वितरण व्यवस्था लागू की जाए।