सिद्धबाबा के जयकारों से गूंज उठा सिद्धों का डांडा

Spread the love

-प्रसिद्ध सिद्धबली मंदिर में श्री सिद्धबली बाबा वार्षिक अनुष्ठान महोत्सव का हुआ आगाज
-तीन दिनों तक चलेगा महोत्सव, पहले दिन बाबा के आशीर्वाद को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सिद्धबाबा की ध्वज पताका फहराने के साथ ही प्रसिद्ध सिद्धबली मंदिर में तीन दिवसीय श्री सिद्धबाबा वार्षिक अनुष्ठान महोत्सव शुरू हो गया है। शुक्रवार सुबह खोह नदी के तट पर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना के बाद कन्याएं जल कलश लेकर मंदिर परिसर में पहुंची। जहां सिद्धबाबा का जलाभिषेक करने के बाद एकादश कुंडीय यज्ञ की धूनी प्रज्वलित की गई। इस दौरान सिद्धों का डांडा सिद्धबाबा के जयकारों से गूंज उठा।
शुक्रवार को महोत्सव के पहले दिन ब्रह्म मुहूर्त में आचार्य पं. देवी प्रसाद भट्ट के दिशा-निर्देशन में भगवान बजरंग बली का पिंडी महाभिषेक किया गया। इसके बाद पं. देवी प्रसाद भट्ट के निर्देशन में मेला संयोजक व मुख्य यजमान उद्योगपति अनिल कंसल, लैंसडौन विधानसभा के विधायक दलीप रावत, मंदिर समिति के अध्यक्ष कुंजबिहारी देवरानी, प्रबंधक शैलेश जोशी, अनुष्ठान समिति के सदस्य विवेक अग्रवाल आदि ने खोह नदी के तट पर संकल्प लिया। इसके बाद बालिकाओं ने खोह नदी से जल लेकर यज्ञ स्थल तक कलश यात्रा निकाली। यहां खोह नदी के पवित्र जल से श्री सिद्धबाबा का जलाभिषेक किया गया। इसके बाद एकादश कुंडीय यज्ञ का शुभारंभ हुआ। पं.देवी प्रसाद भट्ट के सानिध्य में यज्ञ के मुख्य यजमान व मेला संयोजक अनिल कंसल, लैंसडौन क्षेत्र से विधायक दलीप रावत, पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, महापौर हेमलता नेगी सहित अन्य ने यज्ञ में आहूति दी। इसके बाद दयाशंकर फुलारा की ओर से सुंदर कांड का पाठ किया गया।
बाक्स
मेले में आज
पिंडी महाभिषेक : प्रात: पांच बजे
एकादश कुंडीय यज्ञ : प्रात: सात बजे
गढ़वाली भजन संध्या (अमित सागर व साथी) : दोपहर एक बजे
फोटो-01
कैप्शन: कोटद्वार के श्री सिद्धबली मंदिर के समीप खोह नदी में पूजा करते मंदिर समिति के सदस्य

बाक्स
नगर में निकली झांकियों ने मोहा भक्तों का मन
कोटद्वार : महोत्सव के पहले दिन शाम को श्री सिद्धबली बाबा अनुष्ठान महोत्सव समिति की ओर से नगर में भव्य झांकी भी निकाली गई। इस दौरान भजनों के बीच विभिन्न आकर्षक झांकियों को देख पूरा शहर भक्ति के रस में डूब गया।


बदरीनाथ मार्ग स्थित गिवईं स्त्रोत पुल से वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत व लैंसडौन विधायक दलीप सिंह रावत ने शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। दोपहर बाद तीन बजे के करीब शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों बद्रीनाथ मार्ग, झंडाचौक, स्टेशन रोड, नजीबाबाद चौक होते हुए गोविंदनगर स्थित गुरुद्वारे के समीप पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में राम मंदिर की झांकी, भगवान जगन्नाथ की झांकी, महाबली हनुमान, भोले बाबा का अघोरी नृत्य, श्री कृष्ण रासलीला की झांकियां, देशभक्ति पर आधारित झांकी खासी आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा बैंड वादकों ने भी लोगों को आकर्षित किया। शोभायात्रा में गढ़वाल की संस्कृति व सभ्यता की झांकियां भी नजर आई। शोभायात्रा में सिद्धबाबा का डोला पर सिर नवाकर क्षेत्रवासियों ने सिद्धबाबा आशीर्वाद व प्रसाद लिया। विभिन्न कीर्तन मंडलियों ने भी भजनों की प्रस्तुति दी। शोभायात्रा देखने सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा।


फोटो-02
फोटो-03
फोटो-04
कैप्शन: कोटद्वार शहर में शुक्रवार शाम निकाली गई शोभा यात्रा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *