जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : भारत सरकार, जल शक्ति मंत्रालय द्वारा संचालित सातवीं लघु सिंचाई संगणना, द्वितीय जल निकाय संगणना एवं प्रथम स्प्रिंग संगणना के सफल, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को जिलाधिकारी सभागार में जिला स्तरीय उप-समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगणना कार्यों की प्रगति, कार्ययोजना, फील्ड स्तर पर क्रियान्वयन की रणनीति एवं विभागीय समन्वय से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गयी।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सांतवी लघु सिंचाई, द्वितीय जल निकाय एवं प्रथम स्प्रिंग संगणना जनपद के जल संसाधनों के समग्र विकास एवं संरक्षण की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है। संगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं का मजबूत आधार बनेंगे। सभी संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि संगणना कार्य पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न हो। फील्ड स्तर पर डाटा की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाए रखते हुए संगणना कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। बैठक के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि उक्त संगणनाएं जनपद के जल संसाधनों के वैज्ञानिक आकलन, संरक्षण, पुनर्जीवन तथा भविष्य की जल प्रबंधन योजनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। संगणना से प्राप्त आंकड़े नीति निर्माण, सिंचाई परियोजनाओं की योजना, जल निकायों के संरक्षण एवं स्प्रिंग शेड प्रबंधन में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करेंगे। बैठक में ट्रेनर लघु सिंचाई संगणना राहुल शर्मा, परियोजना निदेशक आनन्द सिंह भाकुनी, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई धीरज सैनी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी विनय जोशी, जिला पंचायती राज अधिकारी रमेश चन्द्र त्रिपाठी, एसडीओ विकास दरमोडा सहित तकनीकी विशेषज्ञ एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।