पत्नी से सुलह करने गए युवक और उसके दोस्त की लाश पहुंची

Spread the love

हल्द्वानी()। परिवारिक विवाद सुलझाने दिल्ली गए वैलेजली लॉज निवासी दो युवकों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों की लाश दिल्ली के मडावली रेलवे स्टेशन के पास मिली है। मृतकों के शरीर में चोट के निशान हैं। परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। वैलेजली लॉस स्थित शिव मंदिर के पास रहने वाले 32 वर्षीय रवि गुप्ता की 10 साल पहले दिल्ली के मडावली में रहने वाली अंजलि से शादी हुई थी। बीते कुछ माह से पति-पत्नी में अनबन चल रही थी। मामला दिल्ली में महिला हेल्पलाइन में चल रहा था। बीते पांच जनवरी को इस मामले में सुलह के लिए हेल्पलाइन में डेट थी। रवि अपने दोस्त 24 वर्षीय गोलू शर्मा वर्तमान निवासी हल्द्वानी मूल निवासी बरेली और आठ वर्षीय बेटे अभिमन्यु को लेकर दिल्ली गया। बेटे को ससुराल में छोड़ा। इसके बाद पांच जनवरी को हेल्पलाइन में पत्नी से मिला। इसके बाद दोनों के बारे में कोई जानकारी परिजनों को नहीं मिली। दिल्ली पुलिस पर सवाल परिजनों के मुताबिक 7 जनवरी को हल्द्वानी पुलिस ने सूचना दी कि रवि की लाश मडावली रेलवे स्टेशन के पास मिली है। परिवार दिल्ली पहुंचा तो पता चला कि शव 5 जनवरी को ही मिल चुका था। रेलवे पुलिस ने दिल्ली पुलिस को सूचित किया था, लेकिन आधार और पैन कार्ड होने के बावजूद कोई जानकारी उनको नहीं दी गई। परिजनों ने बताया कि रवि के बाएं हाथ, पैर और जबड़े पर चोट के निशान थे। वहीं 6 जनवरी को उनके दोस्त गोलू शर्मा का शव भी उसी इलाके में मिला। गोलू हल्द्वानी में ऑटो चलाता था और मूल रूप से बरेली का निवासी था। गोलू के परिजनों ने शव बरेली ले जाकर अंतिम संस्कार किया। वहीं रवि का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया गया। ‘मेरे बेटे को मारा है’ मृतक रवि के पिता ओमकार गुप्ता नैनीताल रोड में एमबीपीजी कॉलेज के पास फल का ठेला लगाते हैं। रवि पहले फाइनेंस कंपनी में काम करता था। उन्होंने बताया दीवाली में रवि की पत्नी अपने मायके चली गई। उनका छोटा बेटा नितिन अपनी भाभी को लेने गया। वह नहीं आई। इस पर नितिन अपने भतीजे अभिमुन्य को यहां ले आया। उन्होंने कहा कि दोनों का शव ससुराल से 200 मीटर के पास मिला है। ऐसे में उनको अंदेशा है कि उनके बेटे और उसके दोस्त की हत्या की गई है। वह इस मामले में दिल्ली जाकर पुलिस को तहरीर देंगे। मृतक की पत्नी अंजलि ने बताया की उसके पति की हत्या की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *