पूर्णिया, बिहार के पूर्णिया जिले के कसबा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके पिता के साथ मिलकर अपने पति की धारदार हथियार से गर्दन पर वार कर निर्मम हत्या कर दी. शव को गांव से करीब 40 किलोमीटर दूर अमौर थाना क्षेत्र में बोरा में बंद करके फेंक दिया.
महिला को जब महसूस हुआ कि वो पुलिस के गिरफ्त में आ सकती है, तो वह पूर्णिया के हाट थाना पहुंची और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दे दी. हाट थाना की पुलिस ने इसकी सूचना तुरंत कसबा थाना को दी, जिसके बाद कसबा थाना की टीम हरकत में आ गई. महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके प्रेमी और प्रेमी के पिता को भी थोड़ी देर बाद दबोच लिया गया.
मृतक की पहचान 47 वर्षीय एक व्यक्ति के रूप में हुई है, जो दूसरे राज्य में मजदूरी का काम करता था. वह मात्र एक सप्ताह पहले ही अपने घर लौटा था. परिजनों के अनुसार, मृतक रात करीब 2 बजे से लापता था. उसके बेटे ने बताया कि वह नहर किनारे सोता है और सुबह उठकर घर आने पर सीढ़ियों पर खून के निशान देखे. घर के अंदर पिता नहीं मिले तो वह पड़ोस में अपनी चाची के यहां गया, जहां उसकी मां भी रहती है.
बेटे ने आगे बताया कि सीढ़ियों पर खून देखने के बाद जब वह पड़ोस वाली चाची के घर पहुंचा, तो वहां उसकी मां भी मौजूद थी. थोड़ी देर बाद मां अचानक वहां से भाग गई. इस घटना बाद में पुलिस को सूचना दी गई.
जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला अपने रिश्ते में दामाद लगने वाले युवक के साथ पिछले कई सालों से अवैध संबंध बनाए हुए थी. इसी संबंध को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था, जिसके चलते इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया. पुलिस के अनुसार, हत्या हसुए जैसी धारदार वस्तु से गर्दन पर वार करके की गई.