बागेश्वर()। कांडा में स्थापित ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना इसी वर्ष मार्च में पूरी होनी थी, लेकिन दिसंबत महीना भी बीतने को है। अभी तक योजना पूरी नहीं हो पाई है। अब जिलाधिकारी ने जनवरी तक लोगों को पानी देने की डेडलाइन तय कर दी है। इससे ग्रामीणों को पानी मिलने की उम्मीद जगने लगी है। हालांकि इस तरह के निर्देश पहले भी कई बार मिल चुके हैं। मालूम हो कि कांडा ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना 2022 में शुरू हुई। इस योजना को पूरा करने की समय सीमा मार्च 2025 थी। नौ महीने अधिक बीत जाने के बाद भी योजना का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। गत दिनों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस बात की शिकायत की। लोगों की शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने योजना का निरीक्षण किया। योजना की प्रगति देखी। गुणवत्ता को भी देखाइस दौरान उन्होंने पेयजल नियम को योजना के निर्माण एवं क्रियान्वयन पर तेजी लाने के निर्देश दिए। इतना ही नहीं जनवरी से योजना शुरू करने के निर्देश भी दिए। डीएम के निर्देश के बाद 90 गांव के लोगों को जल्द पीने का पानी मिलने की उम्मीद जगने लगी है। जिलाधिकारी के निर्देश का विभाग पर कितना असर पड़ता है। इसके लिए लोगों को अभी एक महीना और इंतजार करना होगा। इधर पेयजल निगम के सहायक अभियंता बीएस रौतेला ने बताया कि कांडा पेयजल योजना सबसे बड़ी योजना है। काफी बड़े क्षेत्र में योजना फैली है, विभाग की ओर से गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण कर जल्दी जलापूर्ति प्रारंभ हेतु पूरा प्रयास किया किया जा रहा है।