दोस्त के नए मकान की पार्टी में गए युवक की मौत

Spread the love

रुद्रपुर। रुद्रपुर में दोस्त के नये मकान की पार्टी में गये एक युवक की मौत हो गयी। हालत बिगड़ने पर साथी उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। मूलत: पिथौरागढ़ के न्यूसेरा गांव निवासी अजय सिंह (26) लंबे समय से नौकरी की तलाश में था। कुछ दिन पहले अजय के दोस्त विजय निवासी छतरपुर, रुद्रपुर ने अजय को यहां काम दिलाने की बात कहकर रुद्रपुर बुला लिया था। अजय इन दिनों विजय के घर पर ही रहकर नौकरी की तलाश में जुटा था। विजय के दोस्त योगेश ने हाल में नया मकान बनाया है। शनिवार रात योगेश ने मकान की खुशी में दावत रखी, जिसमें विजय और अजय को भी बुलाया था। बताया जा रहा है कि पार्टी में सभी लोगों ने रात करीब एक बजे तक शराब पी। तड़के तीन बजे अजय की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। बेचैनी की शिकायत पर उसके दोस्त उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन उसकी मौत हो गयी। अस्पताल से मिली सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। अजय के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गयी। वे रविवार देर शाम रुद्रपुर पहुंच गये थे। उधर, जिला अस्पताल के डॉक्टरों का कहना था कि यह संभव है कि शराब के ज्यादा सेवन से अजय की तबीयत बिगड़ गयी जो उसकी मौत की वजह बनी। हालांकि, मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही साफ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *