ट्रैक्टर से गिरकर नेपाली किशोर की मौत

Spread the love

चम्पावत। पूर्णागिरि के चूका क्षेत्र में बीते देर शाम ट्रैक्टर से गिरकर नेपाल निवासी एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में टनकपुर अस्पताल लाया गया, उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया था। बताया जा रहा है कि वह किशोर ट्रेक्टर चलाना सीख रहा था, उसी दौरान ये हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक नेपाल के ब्रह्मदेव निवासी 17 वर्षीय मनोज धामी चूका सड़क पर निर्माण कार्य में मजदूरी का काम कर रहा था। शनिवार देर शाम वह अपने एक साथी के साथ ट्रैक्टर चलाना सीख रहा था। इस दौरान अचानक ट्रैक्टर तेज गति में अनियंत्रित हो गया और मनोज भी नीचे गिर गया। जिससे उसके शरीर में गंभीर चोट आ गई। साथियों की मदद से उसे टनकपुर संयुक्त चिकित्सालय लाया गया जहां उसकी हालत को देखकर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन हायर सेंटर ले जाने से पूर्व ही मनोज ने दम तोड़ दिया। एसओ जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि मृतक किशोर का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतक के परिजनों को बुला लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *