बदहाल पड़ा डिग्री कॉलेज-मवाकोट मार्ग, नहीं ली जा रही सुध

Spread the love

मार्ग पर बने गड्ढों में टूट रही दोपहिया वाहन चालकों की कमर
शिकायत के बाद भी लापरवाही बना हुआ है सरकारी सिस्टम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: डिग्री कालेज-मवाकोट मोटर मार्ग पर बने गड्ढे आमजन की कमर तोड़ रहे हैं। शिकायत के बाद भी संबंधित विभाग सड़क मरम्मत की सुध लेने को तैयार नहीं है। जबकि, जर्जर हालत में पड़े उक्त मार्ग पर कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
डिग्री कालेज-मवाकोट मार्ग पर हर रोज सैकड़ों लोग आवाजाही करते हैं। लेकिन, वर्षों से उक्त मार्ग बदहाल स्थिति में पड़ा हुआ है। सड़क पर बने गड्ढे दोपहिया वाहन चालकों को चोटिल कर रहे हैं। शिवपुर निवासी धीरेंद्र भंडारी, महेश कुमार ने बताया कि मार्ग पर पग-पग पर गड्ढे दिखाई दे रहे हैं। सबसे अधिक दुर्घटनाएं रात के समय हो रही है। दरअसल, रात के अंधेरे में मार्ग पर बने गड्ढे दिखाई नहीं देते। दो दिन पूर्व महाविद्यालय में पढ़ने वाला स्कूटी सवार एक युवक गड्ढे की चपेट में आने से चोटिल हो गया था। मार्ग से गुजरने वाले जनप्रतिनिधि व अधिकारियों को भी इसकी स्थिति दिखाई नहीं देती। बताया कि पूर्व में नगर निगम व लोकनिर्माण विभाग ने बरसात समाप्त होने के बाद मार्ग मरम्मत का आश्वासन दिया था। लेकिन, अब तक इसकी सुध नहीं ली गई। स्थानीय लोगों ने जन हित को देखते हुए जल्द मार्ग मरम्मत करवाने की मांग उठाई है। कहा कि जनता की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *