त्रियुगीनारायण में अस्पताल की मांग को ग्रामीणों का आमरण अनशन शुरू

Spread the love

रुद्रप्रयाग। स्वास्थ्य केंद्र की मांग को लेकर त्रियुगीनारायण के ग्रामीणों का आंदोलन आमरण अनशन में तब्दील हो गया है। शनिवार को प्रदेश सरकार व स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ग्रामीणों ने आमरण अनशन शुरू किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कहा कि जब तक मांग पूरी न हुई आंदोलन जारी रहेगा। सुबह ग्रामीणों ने अस्पताल की मांग को लेकर एकजुट होकर आमरण अनशन का संकल्प लिया। पहले दिन महिला मंगल दल अध्यक्ष अनीता देवी, अंकित गैरोला व रामचंद्र सेमवाल ने आमरण अनशन शुरू किया। ग्राम प्रधान प्रियंका तिवारी ने कहा कि 37 दिनों तक क्रमिक अनशन करते हुए ग्रामीणों ने संयम का परिचय दिया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत ने फोन पर ग्रामीणों से वार्ता करते हुए गांव पहुंचकर मांगपूर्ति की बात कही। लेकिन 20 दिन बीत जाने के बाद भी वे नहीं पहुंचे, जिससे ग्रामीण आहत हैं। सामाजिक कार्यकर्ता दिवाकर गैरोला ने बताया कि आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करते हुए सोनप्रयाग, गुप्तकाशी और ऊखीमठ में प्रदर्शन भी किया जाएगा। इस मौके पर महेंद्र सेमवाल, राजेश भट्ट, विश्वेश्वरी देवी, भगवती प्रसाद, बीरेंद्र, अनपू सेमवाल सहित युवक व महिला मंगल दल के पदाधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *