गड्ढों में खो गया नगर निगम का विकास, टूट रही वाहन चालकों की कमर

Spread the love

नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत बदहाल स्थिति में पड़ी है अधिकांश सड़कें
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम बनने के बाद जनता को बेहतर विकास की उम्मीदें थी। लेकिन, नगर निगम क्षेत्र में बदहाल पड़ी सड़कों की भी मरम्मत नहीं करवा पा रहा है। नतीजा गड्ढों की चपेट में आने से आए दिन दोपहिया वाहन चालक घायल हो रहे हैं। बरसात के समय जल भराव के दौरान सबसे अधिक परेशानी हो रही है। क्षेत्रवासी कई बार नगर निगम से सड़क मरम्मत की मांग उठा चुके हैं।
नगर निगम क्षेत्र के चालीस वार्डों में शायद ही कोई ऐसी सड़क हो जो बदहाल न दिखाई दें। जगह-जगह सड़कों पर बने गड्ढे वाहन चालकों की कमर तोड़ रहे हैं। यह गड्ढे कब किसकी जिंदगी लील जाएं, कुछ कहा नहीं जा सकता। सनेह निवासी पुष्पा देवी, मोनिका देवी ने बताया कि सबसे बुरी स्थिति झंडाचौक से लकड़ीपड़ाव तिराहे तक बने हुए हैं। हनुमान मंदिर के समीप तिराहे पर बीच सड़क में एक बड़ा गड्ढा बना हुआ है। दो दिन पूर्व एक स्कूटी सवार महिला गड्ढे की चपेट में आने से चोटिल हो गई थी। यही नहीं लकड़ीपड़ाव तिराहे से लेकर गाड़ीघाट तिराहे तक भी सड़क खस्ताहाल पड़ी हुई है। गाड़ीघाट विकास नगर से गिवईस्रोत पुल तक जगह-जगह गड्ढे चोटिल कर रहे हैं। यही स्थिति मानुपर चौराहे से बेलाडाट चौराहे तक बनी हुई है। भाबर की सड़कों पर भी यह तस्वीर आसानी से देखी जा सकती है। लगातार बढ़ रही समस्या के बाद भी नगर निगम सड़क मरम्मत की सुध नहीं ले रहा।

बरसात में बढ़ी मुश्किलें
मरम्मत नहीं होने से सड़क के गड्ढे बरसात में जख्म दे रहे हैं। दरसअल, बारिश के दौरान गड्ढे पानी से भर जाते हैं। जिससे गड्ढे का अंदाजा नहीं हो पाता। वहीं, बदहाल सड़कों पर मिट्टी व कीचड़ भी आमजन को परेशान कर रहा है। मिट्टी सूखने के बाद सड़क पर धूल बनी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *