राष्ट्रीय राजमार्ग पर खस्ताहाल पुलिया, नींद में विभाग

Spread the love

कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर बना है खतरा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर खस्ताहाल पुलिया कब किसकी जिंदगी पर भारी पड़ जाए, कहा नहीं जा सकता। गड्ढों में तब्दील हो चुकी इन पुलियाओं के किनारे से रेलिंग तक गायब हो गई है। पूर्व में हुई दुर्घटनाओं के बाद भी सरकारी सिस्टम पुलियाओं की मरम्मत करवाने की सुध नहीं ले रहा है। सबसे अधिक परेशानी बारिश के दौरान होती है।
कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर पांच से अधिक पुलिया हैं। लेकिन, राष्ट्रीय राजमार्ग पर जर्जर तीन पुलिया वाहन चालकों के लिए मुसीबत बनी हुई हैं। आमसौड़ से आधा किलोमीटर पीछे एक पुलिया का पिल्लर कुछ माह पूर्व क्षतिग्रस्त हो गया था। हालांकि, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने पुलिया के पिल्लर की मरम्मत करवा दी थी। लेकिन, रेलिंग मरम्मत की सुध नहीं ली। नतीजा अब भी पुलिया वाहन चालकों के लिए खतरा बनी हुई है। वहीं, आमसौड़ से दुगड्डा जाते समय एक किलोमीटर आगे दूसरी पुलिया के किनारे से दरारे पड़ने लगी हैं। पुलिया पर बने बड़े-बड़े गड्ढे दोपहिया वाहन चालकों की कमर तोड़ रहे है। यही स्थिति दुर्गापुरी से करीब आधा किलोमीटर आगे पड़ने वाली पुलिया के भी बने हुए हैं। पुलिया के किनारे लगे रेलिंग पूरी तरह गायब हो चुके हैं।

साइन बोर्ड भी गायब
राष्ट्रीय राजमार्ग पर डेंजर जोन की स्थिति से अवगत करवाने वाले साइन बोर्ड भी कहीं नजर आ रहे। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को उठानी पड़ती है। साथ ही हर समय दुर्घटनाओं का भी अंदेशा बना रहता है। पूर्व में क्षेत्रवासी राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत को सुधारने की भी मांग उठा चुके हैं। बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं।

आमसौड़ के समीप पुलिया में बने गड्ढों को भरने का कार्य शुरू किया जा रहा है। पुलिया की रेंलिग सहित अन्य मरम्मत के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। बजट मिलते ही मरम्मत कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। …अरविंद जोशी, अपर सहायक अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *