सरकार व प्रशासन की दोहरी नीति पहाड़ के लिए खड़ी कर सकती है मुसीबत

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी।
सरकार व प्रशासन की दोहरी नीति पहाड़ के लिए मुसीबत खड़ी कर सकती है। जिले के पहाड़ी क्षेत्रों के कस्बाई बाजारों में दुकानें शाम 7 बजे तक खुली रह रही हैं। जो संक्रमण के बढ़ते दौर को देखते हुए इन क्षेत्रों में मुश्किल को बढ़ाने का काम करेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे जिले के लिए एक नीति बनाए जाने और उसके पालन की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि पर्वतीय व मैदानी क्षेत्रों के लिए सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार ही कोविड नियमो का पालन कराया जा रहा है।
जनपद के विकासखंड मुख्यालय पाबौ, पैठाणी, चाकीसैण सहित अनेक छोटे-बड़े कस्बाई बाजारों में दुकाने शाम 7 बजे तक खुली रह रही हैं। जबकि पौड़ी, श्रीनगर में दुकानें दोपहर दो बजे बंद कर दी जा रही है। वहीं नगर निगम क्षेत्र कोटद्वार व नगर पंचायत क्षेत्र स्वर्गाश्रम-जोंक में कोविड कफ्र्यू लागू हो चुका है। क्षेत्र के समाज सेवी राधेश्याम खंकरियाल, मोहित राणा, नितिन सिंह व रोहिणी नेगी ने कहा कि सरकार व प्रशासन की दोहरी नीति जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिले के कुछ क्षेत्रों में दुकानें दोपहर दो बजे बंद हो जा रही हैं, जबकि कस्बाई क्षेत्रों में शाम 7 बजे तक दुकानें खुली रह रही हैं, जिससे इन बाजारों में लोगों की भीड़ देखी जा रही है। कहा कि पाबौ बाजार में 6 कारोना संक्रमित पाए गए हैं, बावजूद इसके बाजार में कोविड नियमो का कोई पालन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर पूरे जिले में एक नीति लागू की जानी चाहिए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों को कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से दूर रखा जाने में मदद मिलेगी। वहीं एसएसपी पी. रेणुका देवी ने बताया कि सरकार की ओर से मैदानी व पर्वतीय क्षेत्रों के लिए कोविड गाइडलाइन में अलग-अलग स्पष्ट दिशा-निर्देश मिले हैं, उन्ही का जिलेभर में अनुपालन कराया जा रहा है। हालांकि जिला मुख्यालय पौड़ी भी पर्वतीय इलाका ही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *