म्यांमार में भूकंप की तबाही का असर, सडक़ बना ऑपरेशन थिएटर; स्टेचर पर युवती ने दिया बच्चे को जन्म

Spread the love

बैंकॉक , शुक्रवार दोपहर बैंकॉक में एक अविश्वसनीय और दिल दहला देने वाला दृश्य देखने को मिला। पड़ोसी देश म्यांमार में आए शक्तिशाली भूकंप के झटकों से पूरा थाईलैंड थर्रा उठा, जिसके चलते राजधानी बैंकॉक के अस्पतालों को आनन-फानन में खाली कराया गया। इस अफरा-तफरी के माहौल में, बैंकॉक के पुलिस अस्पताल के बाहर सडक़ पर एक महिला ने खुले आसमान के नीचे बच्चे को जन्म दिया।

भूकंप के तेज झटकों के कारण बैंकॉक के बीएनएच अस्पताल और किंग चुलालोंगकोर्न अस्पताल में भर्ती मरीजों को तुरंत बाहर निकाला गया। पुलिस अस्पताल की इमारत में भी कंपन महसूस होने के बाद मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। इसी दौरान, अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में एक गर्भवती महिला का प्रसव चल रहा था। पुलिस लेफ्टिनेंट कर्नल जिरामरिट ने बताया कि डॉक्टरों ने तत्परता दिखाते हुए ऑपरेशन का शुरुआती हिस्सा अंदर ही पूरा किया और फिर महिला को स्ट्रेचर पर बाहर ले आए। सडक़ के बीचों-बीच, खुले आसमान के नीचे, डॉक्टरों की टीम ने केवल दस मिनट में ऑपरेशन का शेष भाग सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
इस चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में डॉक्टरों और नर्सों के सामने संक्रमण का खतरा सबसे बड़ा था, लेकिन समय की कमी के कारण कोई और विकल्प मौजूद नहीं था। अस्पताल के प्रवक्ता सिरिकुल श्रीसांगा ने इस बात की पुष्टि की है कि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और उन्हें वापस अस्पताल में भर्ती कर लिया गया है।
इस असाधारण घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किए गए वीडियो में अस्पतालों के बाहर स्ट्रेचरों पर लेटे मरीज, व्हीलचेयर पर बैठे लोग और सडक़ों पर मरीजों का इलाज करते डॉक्टर और नर्सें दिखाई दे रहे हैं। कई मरीजों को ड्रिप लगी हुई है, जबकि कुछ को ऑक्सीजन मास्क पहनाया गया है। इन्हीं तस्वीरों के बीच, पुलिस अस्पताल के सामने डॉक्टरों की एक टीम द्वारा एक महिला की डिलीवरी कराए जाने का दृश्य किसी को भी भावुक कर सकता है। यह घटना भूकंप के कारण मची अफरा-तफरी के बीच एक मानवीय चमत्कार के रूप में सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *