खबर का हुआ असर: नगर निगम ने भाबर क्षेत्र में भी जलाए अलाव

Spread the love

लगातार बढ़ रही ठंड को देखते हुए नगर निगम की ओर से की गई व्यवस्था
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: कोहरे व शीतलहर के बीच बाजार तक सिमटी नगर निगम की अलाव योजना आखिर भाबर क्षेत्र की ओर भी बढ़ गई है। नगर निगम की ओर से भाबर क्षेत्र के पांच से अधिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। अब तक नगर निगम की ओर से केवल बाजार क्षेत्र में ही अलाव जलाए जा रहे थे।
आपके प्रिया अखबार दैनिक जयन्त ने कुछ दिन पूर्व ..तो शहरी बने भाबर के लोगों को नहीं लगती ठंड शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इस समाचार में सिर्फ शहर क्षेत्र के छह स्थानों पर ही आलाव की व्यवस्था शुरू करने का जिक्र किया गया था। साथ ही यह भी बताया गया था कि बड़ी आबादी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले भाबर व सनेह क्षेत्र को इस सुविधा से वंचित रखा गया है। जबकि, इन क्षेत्रों में भी अलाव की व्यवस्था शुरू किए जाने को लेकर लगातार मांग उठ रही थी। पिछले चार दिन से लगातार बढ़ रहे कोहरे व शीतलहर को देखते हुए नगर निगम की यह योजना अब बाजार क्षेत्र से बाहर निकल चुकी है। नगर निगम की ओर से भाबर क्षेत्र के दुर्गापुरी, उमरावनगर, मोटाढांक व झंडीचौड़ में अलाव की व्यवस्था कर दी गई है। निगम की इस योजना से सबसे अधिक सुविधा भाबर क्षेत्र के सिडकुल स्थित जशोधरपुर औद्योगिक क्षेत्र में कार्य करने वाले श्रमिकों को मिल रही है। अब तक नगर क्षेत्र के रेलवे स्टेशन, मीट मार्केट, झंडा चौक, नजीबाबाद चौराहा, गाड़ीघाट तिराहा व राजकीय संयुक्त चिकित्सालय, तहसील परिसर, आमपड़ाव, कौडिया, बालासौड़ तिराहा, देवी मंदिर चौराह में ही अलाव की व्यवस्था की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *