चक्का जाम का दिखने लगा असर, शहर के पेट्रोल पंप में खत्म हुआ पेट्रोल व डीजल

Spread the love

तीन दिन से शहर के पेट्रोल पंप में नहीं पहुंचा डीजल-पेट्रोल
हिट एंड रन कानून के विरोध जारी हड़ताल से जन परेशान
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नए कानून के विरोध में चल रहे चक्का जाम का असर आमजन के ऊपर पड़ने लगा है। हालात यह थी कि बुधवार को शहर के अधिकांश पट्रोल पंप में डीजल व पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो गया था। ऐसे में वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। देवी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप में तेल था तो वहां भी वाहन चालकों की लंबी कतार लगी हुई थी।
हिट एंड रन कानून में सजा के प्रवधान को कड़ा बनाने पर पिछले तीन दिन से वाहनों की हड़ताल चल रही है। जिसके कारण शहर में डीजल-पेट्रोल के टैंकर के साथ ही एलपीजी गैस के ट्रक तक नहीं पहुंचे है। ऐसे में शहरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को दोपहिया वाहन चालक पेट्रोल की तलाश में भटकते हुए नजर आए। देवी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप में ही पेट्रोल उपलब्ध था। लेकिन, यहां भी तेल भरवाने के लिए वाहन चालकों की लंबी कतार लगी हुई थी। वहीं, शहर में एलपीजी गैस सप्लाई की व्यवस्था भी बिगड़ने लगी है। गैस गोदाम में केवल सीमित मात्रा में ही गैस सिलेंडर उपलब्ध है। ऐसे में यदि जल्द हड़ताल खत्म नहीं हुई तो इसका असर रसोई पर भी पड़ सकता है। वहीं, वाहन चालकों ने केंद्र व प्रदेश सरकार से कानून को वापस लेने की मांग उठाई। कहा कि कानून में सख्ती कर चालकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। सरकार को चालकों के हित में गंभीरता से कार्य करना चाहिए।

पहाड़ों में भी बढ़ी समस्या
चक्का जाम का असर पर्वतीय क्षेत्रों पर भी पड़ने लगा है। पहाड़ के अधिकांश पेट्रोल पंप पर तेल खत्म हो गया था। वहीं, तीसरे दिन भी यात्रियों को वाहनों की तलाश में इधर-उधर भटकना पड़ा। पिछले तीन दिन से कोटद्वार से दिल्ली के लिए जाने वाली ट्रेन में यात्रियों की सबसे अधिक भीड़ नजर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *