बदले की आग में झोंका कानून : प्रेमी संग फरार विवाहिता के घरवालों ने बुलडोजर से तोड़ा बीएफ का घर; 6 अरेस्ट

Spread the love

भरूच ,गुजरात के भरूच जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक विवाहित महिला के कथित तौर पर एक युवक के साथ भाग जाने से नाराज छह लोगों ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए आरोपी युवक और उसके रिश्तेदारों के घरों पर बुलडोजर चला दिया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।भरूच जिले के वेदाच पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर बीएम चौधरी ने बताया कि महिला के परिवार के सदस्यों सहित आरोपियों को शक था कि फुलमाली समुदाय का एक युवक उनकी रिश्तेदार को भगाकर ले गया है। इसी गुस्से में उन्होंने बुलडोजर का इस्तेमाल कर कथित आरोपी और उसके संबंधियों के छह घरों को तोड़ दिया। आरोपियों में महिला का पति भी शामिल है, जिसे संदेह है कि उसकी पत्नी दूसरे समुदाय के व्यक्ति के साथ भागी है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 21 मार्च को जिले के करेली गांव में हुई।अधिकारी ने जानकारी दी कि 21 मार्च की रात को आरोपियों ने बुलडोजर से छह घरों को मलबे में तब्दील कर दिया, जिनमें उस युवक का घर भी शामिल था जिस पर महिला के साथ भागने का संदेह है। इसके बाद पुलिस ने बुलडोजर चालक समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर चौधरी ने बताया कि महिला आणंद जिले के अंकलाव तालुका में अपने माता-पिता से मिलने गई थी, जहां से वह और युवक कथित तौर पर फरार हो गए।
पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि महिला के माता-पिता ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है और आणंद पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। शिकायत के अनुसार, हेमंत पढियार, सुनील पढियार, बलवंत पढियार, सोहम पढियार और चिराग पढियार सहित आरोपी युवक के घर गए थे और उसके परिवार के सदस्य पर महिला को भगाने का आरोप लगाते हुए उसे दो दिनों के भीतर पेश करने की धमकी दी थी। 21 मार्च की रात करीब 9 बजे आरोपी बुलडोजर लेकर युवक के घर पहुंचे और शेड व शौचालय सहित मकान के कई हिस्सों को गिराना शुरू कर दिया। एफआईआर के मुताबिक, उन्होंने इलाके के छह घरों के हिस्सों को नुकसान पहुंचाया। अगले दिन युवक की मां ने वेदाच पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *