युवक से मारपीट में गिरफ्तारी न होने पर परिजन बैठे धरने पर

Spread the love

-पुलिस पर लगाया मामले में लापरवाही बरतने का आरोप
-कुछ दिन पहले लाल बत्ती चौराह पर युवकों ने एक युवक से की थी मारपीट
-युवक का चल रहा है उपचार, बनी हुई हालत गंभीर
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बीती 28 फरवरी को लाल बत्ती चौक पर कौड़िया निवासी रोहित के साथ हुई मारपीट के मामले में अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से युवक के परिजनों में आक्रोश बढ़ गया है। रविवार को रोहित के परिजनों ने एएसपी कार्यालय के बाहर धरना दिया और पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए रोहित के परिजनों ने कहा कि कुछ युवकों ने रोहित को बुरी तरह से लाठी और लात-घूसों से पीटकर घायल कर दिया था। रोहित को इतनी बुरी तरह पीटा गया कि उसका अभी तक उपचार चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस को मामले में तहरीर भी दी जा चुकी है, लेकिन उसके बावजूद अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस कार्रवाई का आश्वासन तो दे रही है, लेकिन धरातल पर कोई कार्रवाई होती हुई नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह उग्र आंदोलन करेंगे। धरना-प्रदर्शन करने वालों में दीपक बजरंगी, आशाराम, गौरव, राजेश, ऊषा देवी, ऊमा देवी, रवि कुमार, राजो देवी, अन्नू कुमार, मुन्नू सिंह, विजय रावत, नरेंद्र चौहान आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *