जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार क्षेत्र में डेंगू ने दस्तक दे दी है। गाड़ीघाट क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसके बाद स्वास्थ्य महकमा सर्तक हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने नगर निगम प्रशासन को प्रभावित क्षेत्र में तत्काल कीटनाशक का छिड़काव करने के साथ ही अन्य सुरक्षा उपाय करने को कहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मरीज की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है।
मौसम बदलते ही डेंगू की आहट सुनाई देनी लगी है। अभी तक नगर निगम की ओर से शहर के गली-मोहल्लों में नियमित तौर पर फागिंग शुरू नहीं की गई है। जिससे डेंगू के तेजी से फैलने की संभावनाएं हैं। कोटद्वार नगर निगम के अंतर्गत गाड़ीघाट क्षेत्र निवासी एक बुजुर्ग में डेंगू की पुष्टि हुई है। बुजुर्ग की प्लेटलेट्स 38000 पाई गई। हालांकि, चिकित्सालय प्रशासन की मानें तो बुजुर्ग की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है व उनमें प्लेटलेट्स भी तेजी से बढ़ रहे हैं। इधर, चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डा. विजय सिंह ने बताया कि इस संबंध में नगर निगम को सूचित कर दिया है। नगर निगम को गाड़ीघाट क्षेत्र में कीटनाशक का छिड़काव करने को कहा है। साथ ही चिकित्सालय कर्मियों को भी बुखार के मरीजों का डेंगू परीक्षण करने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि चिकित्सालय में डेंगू के परीक्षण को लेकर सभी संसाधन व दवाएं उपलब्ध हैं। चिकित्सालय प्रशासन के साथ ही नगर निगम को भी डेंगू को लेकर अहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।