नैनीडांडा के मोछण में सक्रिय बाघ को वन विभाग ने पकड़ा, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल के नैनीडांडा ब्लॉक के बैडहाट मोछण में सक्रिय बाघ को पकड़ने में वन विभाग को सफलता मिली है। बीती रात को वन विभाग की टीम ने बाघ को ट्रैक्यूलाइज कर पकड़ लिया है। बाघ के पकड़े जाने से स्थानीय ग्रामीणों के साथ ही वन विभाग ने राहत की सांस ली है।
बता दें कि बीती 3 अक्तूबर को बाघ ने बैडहाट गांव की महिला को मार दिया था, तब से वन विभाग की टीम यहां डेरा डाले हुई थी। बाघ को पकड़ने के लिए यहां ट्रैपिंग कैमरों के साथ ही ट्रैक्यूलाइज टीम को भी यहां तैनात किया गया था। शुक्रवार शाम को स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी थी कि केलधार के पास बाघ दिखाई दे रहा है। जिस पर विभागीय टीम ने मोर्चा संभाल लिया और रात में बाघ को ट्रैक्यूलाइज कर पकड़ने में सफल रहे। बीते छह महीने के भीतर इस क्षेत्र में अभी तक 3 बाघों को वन विभाग पकड़ा चुका है। बाघ ने अप्रैल से लेकर अक्तूबर तक तीन लोगों की जान ली है। जांच में यह भी साफ हो गया था कि यह वही बाघ है जिसने भैडगांव में भी एक व्यक्ति को 15 अप्रैल को मार दिया था। ऐसे में बाघ के करीब छह महीने बाद यह दूसरा हमला भी था। बाघ को पकड़ने में वन विभाग को काफी चुनौतियों को सामना करना पड़ा। कालागढ़ टाइगर रिजर्व से सटे होने के कारण बाघ अक्सर यहां आ रहे है और हमलावर भी हो जा रहे हैं। इससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ गढ़वाल स्वनिल अनिरुद्ध ने बताया कि पकड़ा गया बाघ नर है। इसे रेस्क्यू सेंटर भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *