जंगल की आग बीडीओ दफ्तर तक पहुंची, फायर ब्रिगेड ने बुझाया

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : बीडीओ दफ्तर से सटे सिविल जंगलों में शुक्रवार सुबह ही आग धधक गई। जंगल की यह आग बीडीओ दफ्तर के परिसर के बहुत करीब तक भी पहुंच गई थी। सूचना पर मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पौड़ी में जंगलों की आग लगने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बुधवार को हुई झमाझम बारिश के बाद भी एक फिर जंगलों में आग लगनी शुरू हो गई है। पौड़ी जिले में इस बार सिविल के साथ ही रिजर्व वन भी आग की चपेट में आए। बेकाबू हुई जंगल की आग को देखते हुए आदवाणी क्षेत्र में जंगल की आग को बुझाने के लिए हैली सेवा की भी मदद लेनी पड़ी थी। शुक्रवार को जंगल की आग बीडीओ दफ्तर तक पहुंच गई। बीडीओ पौड़ी दृष्टि आनंद ने तत्काल इसकी सूचना फायर बिग्रेड को दी। एफएसओ सुनील तिवारी ने बताया कि करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद करीब 11 बजे जंगल की आग पर काबू पाया जा सका। डीएफओ सिविल प्रदीप कुमार ने बताया कि बारिश के बाद फिर तापमान बढ़ रहा है। सिविल क्षेत्र में गुरुवार सुबह को किसी ने आग लगा दी थी। इसके साथ केवर्स साइड में भी एक जगह जंगल में आग लग गई थी, इस पर भी काबू पा लिया गया है। जंगलों की आग के मद्देनजर टीम को अलर्ट पर रखा गया है। फायर टीम में गिरीश चंद्र, लेहरी सिंह, नीलम व भगत सिंह आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *