सरकार को लोगों की जान की कोई चिंता नहीं : गोदियाल

Spread the love

पौड़ी में कांग्रेस ने निकाली जनाक्रोश रैली
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल की अगुवाई में बुधवार को पौड़ी में पार्टी ने जनाक्रोश रैली निकाली। रैली में पौड़ी के साथ ही कल्जीखाल, कोट और श्रीनगर से कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि यदि सरकार काम न करे तो फिर विपक्ष की जिम्मेदारी है कि वह आवाज उठाए, नहीं तो विपक्ष भी किसी काम का नहीं। कहा कि आज सरकार को लोगों की जान की कोई चिंता नहीं है। केवल माला पहनकर वाहवाही लूट रही है। इस दौरान सरकार मांग की गई कि गुलदार प्रभावित गांवों में 5-5 लोगों की तैनाती की जाए और इसके लिए ग्राम प्रधान को जिम्मेदारी दी जाए। गुलदारों को ट्रैंक्यूलाइज किया जाए और उन पर जीपीएस सिस्टम लगा दिया जाए ताकि गुलदार की लोकेशन आसानी से देखी जा सके।
रैली पौड़ी सिविल लाइन से होती हुई एजेंसी चौक, अपर बाजार होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां आयोजित जनसभा में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि एक ओर पूरे पहाड़ में वन्य जीव हमलावर हैं तो दूसरी तरफ सरकार आराम से सो रही है। सरकार का यहां के लोगों की कोई चिंता नहीं है। कहा कि आज सरकार को इसलिए नहीं घेर रहे हैं कि हमले हो रहे हैं बल्कि इसलिए आवाज उठाई जा रही है कि सरकार इन हमलों को रोकने में असफल साबित हुई है और एक के बाद एक हमले हो रहे हैं। गोदियाल ने कहा कि आज सरकार डैमोग्रेफी बदलाव, लव जिहाद, लैंड जिहाद जैसे मुद्दों को उठाकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। कहा कि अपराधी का कोई धर्म नहीं होता है। उन्होंने कहा कि अजीब बात है कि जब तक गुलदार एक से ज्यादा लोगों को नहीं मार दे रहा है तब तक सरकार की नींद नहीं खुल रही है। राठ के कुचौली, कठ्यूड और सौंठ गांवों में भालू ने 60 से अधिक मवेशियों को मार दिया तो पौड़ी और पोखड़ा में गुलदार ने इस बीच 4 लोगों की जाने ले ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *