खबर का हुआ असर : उप प्रभागीय वनाधिकारी ने सुनी ग्रामीणों की आपबीती

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : दैनिक जयन्त के 28 जनवरी 2025 के अंक में पश्चिमी मनियारस्यूं पट्टी में अज्ञात जानवर का आतंक जारी, दहशत में ग्रामीण शीर्षक नाम से प्रकाशित खबर का वन विभाग के अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। वन विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों की आप बीती सुनी।
जनपद की पट्टी मनियारस्यूं के विभिन्न गांवों में इन दिनों अज्ञात जानवर का आतंक बना हुआ है। यह जानवर गांवों में पशुओं पर निरंतर हमला कर उन्हें अपना शिकार बना रहा है। एक माह में एक दर्जन से अधिक दुधारू गायों को अज्ञात जानवर अपना निवाला बना चुका है। इस अज्ञात जानवर के आतंक से क्षेत्रीय ग्रामीण दहशत में है। घटना की खबर 28 जनवरी के दैनिक जयन्त के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। मंगलवार को प्रभागीय उप वनाधिकारी आईशा बिष्ट व नागदेव रेंज अधिकारी दिनेश चंद्र नौटियाल वन विभाग टीम के साथ अज्ञात जानवर से प्रभावित गांव थनुल, अमटोला, थापला आदि गांव के ग्रामीणों से मिले। उन्होंने ग्रामीणों को अज्ञात जानवर से सचेत रहने और जागरूकत रहने की हिदायत दी। वन रेंज अधिकारी दिनेश चंद्र नौटियाल ने बताया कि यह भालू है, फिर भी ग्रामीणों की संतुष्टि के लिए हमला वाले क्षेत्र में कैमरे ट्रैक कर दिए है। साथ ही वन विभाग के कर्मचारियों को रात्रि गश्त करने के निर्देश दिए है। उन्होंने ग्रामवासियों से वन कर्मियों का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि देर रात कोई भी व्यक्ति अकेला घर से बाहर न निकले। इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रशासक राकेश कुमार, ग्राम प्रशासक ग्राम पंचायत थनूल विजय लक्ष्मी रावत, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य सज्जन सिंह नेगी सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *