सीडीएस जनरल बिपिन रावत का आखिरी संदेश सुन नम हुईं आखें

Spread the love

-विजय पर्व के अवसर पर इंडिया गेट पर दिखाया गया जनरल रावत का रिकॉर्ड आखिरी वीडियो
-वीडियो में बोले जनरल रावत, अपनी सेनाओं पर है हमें गर्व, आओ मिलकर मनाएं विजय पर्व
नई दिल्ली, एजेंसी : रविवार को देश की राजधानी में विजय पर्व मनाया गया। इस विजय पर्व को लेकर सीडीएस जनरल बिपिन रावत ने एक खास संदेश रिकॉर्ड किया था। इंडिया गेट पर इस आयोजन के उद्घाटन समारोह में इस वीडियो संदेश को प्ले किया गया, जिसे देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।
वीडियो संदेश में सीडीएस जनरल रावत भारतीय सेना को विजय पर्व की शुभकामना दे रहे हैं। वह कहते हैं, “स्वर्णिम विजय पर्व के पावन अवसर पर मैं भारतीय सेना के सभी बहादुर जवानों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। भारतीय सेना की 1971 की लड़ाई में जीत की 50वीं वर्षगांठ को हम विजय पर्व के तौर पर मना रहे हैं। मैं इस पावन पर्व पर सशस्त्र सेनाओं के वीर जवानों को याद करते हुए उनके बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।”
आगे सीडीएस विजय पर्व के आयोजन की बात कर रहे हैं। वीडियो में वह कहते हैं, 12 से 14 दिसंबर तक इंडिया गेट पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। यह बड़े सौभाग्य की बात है कि विजय पर्व अमर जवान ज्योति की लौ की छांव में आयोजित किया जा रहा है जो कि हमारे वीर शहीदों की याद में स्थापित की गई है। हम सभी देशवासियों को इस विजय पर्व के जश्न में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित करते हैं। अपनी सेनाओं पर है हमें गर्व, आओ मिलकर मनाएं विजय पर्व।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *