जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पंचायत चुनावों को लेकर शनिवार को दूसरे एवं अंतिम चरण का प्रचार थम गया है। इस चरण में जिले के सात ब्लॉकों में जिला पंचायत सदस्य से लेकर बीडीसी और ग्राम प्रधानों के लिए चुनाव होने है। सोमवार को पौड़ी जिले के कोट, कल्जीखाल, पौड़ी, जयहरीखाल, द्वारीखाल, यमकेश्वर और दुगड्डा ब्लॉकों में वोटिंग होगी। इन ब्लॉकों में प्रत्याशियों ने प्रचार के अंतिम दिन ताबड़तोड़ प्रचार किया।
इससे पहले 24 जुलाई को जिले के आठ ब्लॉकों में आने वाली इन्हीं पदों के लिए चुनाव हो गया था। अब पंचायत चुनावों के दूसरे चरण के मतदान की तैयारी है। पौड़ी जिले के सात ब्लॉकों में आने वाली जिला पंचायत की 16 सीटों सहित बीडीसी की 151 और ग्राम प्रधान की 466 सीटों के लिए मतदान 28 जुलाई को होगा। इस चरण में 73 ग्राम प्रधानों सहित क्षेत्र पंचायत की 10 सीटों पर पहले चुनाव निर्विरोध हो गया है।