घास लेने जंगल गई महिला को गुलदार ने मारा

Spread the love

चम्पावत। चम्पावत के समीपवर्ती ढकना बडोला गांव की एक महिला को गुलदार ने मार डाला। यह महिला अपने साथ की महिलाओं के साथ जंगल में मवेशियों के लिए घास लेने गई थी। इसी दौरान गुलदार ने घात लगाकर महिला पर हमला किया। काफी खोजबीन के बाद महिला का शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर जंगल में पड़ा मिला। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
ढकना बडोला के ग्राम प्रधान विनोद सिंह चौधरी ने बताया कि सोमवार को मीना नरियाल (35) पत्नी रमेश सिंह नरियाल साथ की महिलाओं के साथ गांव के पास जंगल में मवेशियों के लिए घास लेने गई हुई थी। जंगल साथ गई महिलाओं भागीरथी देवी, शकुंतला, लक्ष्मी, कमला, देवकी देवी, आनंदी देवी आदि ने बताया कि वे लोग दोपहर करीब 12 बजे कुछ-कुछ दूरी पर अलग-अलग घास काट रहे थे।
इसी दौरान गुलदार ने पहले देवकी देवी पर हमला करने की कोशिश की। शोर मचाने पर गुलदार ने पास में ही घास काट रही मीना नरियाल पर पीटे से हमला बोल दिया। गुलदार मीना को घसीटता हुआ ले गया। रेंजर हेम चंद्र गहतोड़ी ने बताया कि लोहाघाट वन क्षेत्र के बलाई वन पंचायत से मीना का शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए चम्पावत भिजवा दिया है। वन विभाग के अनुभाग अधिकारी चतुर सिंह, कर्म सिंह, बीट अधिकारी हरीश चंद्र, उमेश चंद्र, दिनेश चंद्र, सरपंच विनोद भंडारी, अशोक सिंह और दीपक सिंह समेत कई ग्रामीणों ने महिला का शव तलाशने में मदद की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *