रांची,। झारखंड के मोस्ट वांटेड अपराधी निसार हसन उर्फ निशु को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया है. निसार पर झारखंड के जमशेदपुर में हत्या समेत कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं. उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था. झारखंड पुलिस मुख्यालय ने निसार की गिरफ्तारी की पुष्टि की है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार निसार बहरीन से भारत लौट रहा था, इसी दौरान लुकआउट नोटिस के जरिए उसे दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया. निसार के खिलाफ झारखंड के जमशेदपुर में कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह जमशेदपुर के कुख्यात अमरनाथ गिरोह से जुड़ा था. जमशेदपुर में आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के बाद वह लंबे समय से फरार चल रहा था.
जमशेदपुर पुलिस की पहल पर निसार के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था. बुधवार की सुबह निसार बहरीन से भारत लौटा, जहां उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया. दिल्ली पुलिस ने निसार की गिरफ्तारी की सूचना जमशेदपुर पुलिस को दे दी है और जमशेदपुर पुलिस की कार्यवाहक टीम दिल्ली के लिए रवाना हो गई है.
निसार जमशेदपुर का कुख्यात अपराधी है और उस पर करणी सेवा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विनय सिंह समेत कई लोगों की हत्या का आरोप है. निसार जमशेदपुर के कुख्यात अमरनाथ सिंह गिरोह से जुड़ा था. अमरनाथ सिंह की 2023 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी के बाद निसार ने अपना एक वीडियो भी जारी किया है जिसमें उसने आशंका जताई है कि जमशेदपुर पुलिस उसका फर्जी एनकाउंटर भी कर सकती है.
००