सजा राखी का बाजार, पांच से दस रुपये तक हुई महंगी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रक्षा बंधन के त्योहार को लेकर कोटद्वार बाजार पूरी तरह सज चुका है। लेकिन, इस वर्ष गत वर्ष के मुकाबले राखी के दाम पांच से दस रुपये तक बढ़ गए हैं। बाजार में बच्चों से लेकर बड़ों के लिए विभिन्न प्रकार की राखियां उपलब्ध हैं।
भाई की कलाई पर राखी बांधने को लेकर बहनों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। यही कारण है कि कोटद्वार बाजार में राखी खरीदने वाली बहनों की भीड़ उमड़ रही है। बाजार में कई प्रकार की राखियां मिल रही है। लेकिन, स्वदेश में निर्मित राखी की डोर बहनों को काफी पसंद आ रही है। वहीं, इस वर्ष राखी के दामों में कुछ बढ़ोत्तरी भी देखने को मिल रही है। आमतौर पर बाजार में चीनी राखियों का ही कब्जा था। लेकिन, इस वर्ष बाजार स्वदेशी राखियों से गुलजार है। स्वदेशी राखियां हर वर्ग की पसंद बनी हैं और इनकी जमकर खरीदारी हो रही है। बाजार में 10 रुपये से लेकर 300 रुपये तक राखियां बिक रही हैं।

नन्हें बच्चों के लिए मनमोहक राखी
बाजार में बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर की राखियां भी उपलब्ध है। नन्हें बच्चों के लिए बहने इन राखियों को खूब खरीद रही है। वहीं, बड़ों के लिए भी फूलपत्ता, ओंकार, स्वास्तिक और रेशम के धागे, स्टोन की राखियां उपलब्ध हैं। रेशमी धागों के साथ-साथ अब स्टोन वाली राखी, मोतियों की राखी दुकानों में सजी है। नन्ही बच्चों को लुभाने के लिए बाल गणेश, छोटा भीम, मिक्की माउस, डोनाल्ड डक और अन्य कार्टून कैरेक्टर वाली राखियां भी दुकानों में सजी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *