हमले के विरोध में बाजार रहा बंद, महिलाओं ने निकाली रैली

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : नाई द्वारा युवक पर कैंची से हमले की घटना के विरोध में शुक्रवार को जिला मुख्यालय में बाजार पूरी तरह बंद रहा। वहीं, स्थानीय महिलाओं ने शहर में रैली निकालकर घटना के खिलाफ विरोध जताया। सुबह से ही प्रमुख बाजारों में दुकानों के शटर बंद रहे और पूरे नगर क्षेत्र में सन्नाटा पसरा रहा। रैली के दौरान अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल जगह-जगह पर तैनात रहा। इस दौरान कोतवाल जयपाल सिंह नेगी पुलिस बल के साथ निगरानी करते रहे। वहीं शुक्रवार को बाजार बंद के बावजूद भी शराब की दुकान खुली रही जिस पर राज्य आंदोलनकारी कमला नेगी समेत अन्य महिलाएं आक्रोशित हो गईं। उन्होंने शीघ्र दुकान बंद करने को लेकर जमकर विरोध किया, जिसके बाद संचालकों को दुकान बंद करनी पड़ी।
बता दें कि बीते गुरूवार को पुराने जेल गदेरे के पास एक दुकान के समीप कार का शीशा एक नाई के हाथ से टकरा गया था। इस मामूली बात पर विवाद बढ़ गया और मारपीट के दौरान नाई ने युवक पर कैंची से हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। हालांकि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं इस घटना से गुस्साए कुछ लोगों ने नाई की दुकान पर तोड़फोड़ कर सामान सड़क पर फेंक दिया था। इसी के विरोध में शुक्रवार को स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने बाजार बंद का आह्वान किया, जिसका असर पूरे शहर में देखने को मिला। बाजार पूरी तरह सूना रहा और जनजीवन भी प्रभावित हुआ। वहीं, महिलाओं की रैली बस अड्डे से शुरू होकर माल रोड, एजेंसी चौक, अपर बाजार, लोअर बाजार और धारा रोड होते हुए पुन: बस अड्डे पर समाप्त हुई। इस मौके पर विकास चौहान, बीरा भंडारी आदि ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं अस्वीकार्य हैं। रैली में उर्मिला देवी, राजेश्वरी, महेश्वरी, मीना, सुमति, अनीता, आरती, जमुना, देवेश्वरी देवी, मोहित चौहान, संदीप, हिमांशु रावत आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *