नगर निगम में शामिल होने पर ग्रामीणों ने निकाला मशाल जुलूस

Spread the love

-स्थानीय विधायक का फूंका पुतला
-कहा जबरन किया जा रहा स्वीत गांव को नगर निगम में शामिल
जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम में स्वीत गांव को शामिल किये जाने पर गुस्साएं ग्रामीणों ने मशाल जुलूस निकालते हुए स्थानीय विधायक का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की। कहा कि ग्रामीणों की आम सहमति के बिना जबरन सरकार स्वीत गांव को नगर निगम में शामिल करा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि नगर निगम से उनका गांव नहीं हटाया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
स्वीत के ग्रामीणों ने गांव में मशालें लेकर रैली निकालकर सरकार के खिलाफ नगर निगम बनाने का विरोध प्रदर्शन किया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे यूथ कांग्रेस के विस अध्यक्ष विपिन रावत, छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित रावत ने कहा कि स्वीत गांव को नगर निगम में शामिल करने को लेकर पहले से ग्रामीणों का विरोध रहा है। यदि जबरन नगर निगम में गांव को शामिल किया गया तो उग्र आंदोलन होगा। उन्होंने सरकार से उक्त मामले में हस्तक्षेप कर जल्द नगर निगम से उनका गांव हटाया जाए। ग्रामीणों ने कहा कि स्थानीय विधायक डबल इंजन की पावर दिखाकर जबरन गांवों का शामिल करने का प्रयास कर रहा है, किंतु ग्रामीण इसे सफल नहीं होने देंगे। इस मौके पर प्रधान राजेन्द्र मोहन, सरिता देवी, राखी तिवारी, मीना नेगी, कांग्रेस नेता पुष्पेन्द्र पंवार, पूर्व सभासद सुंधाशु नौडियाल, मीना नेगी, आशीष रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *