विधायक ने घर-घर जाकर दी योजनाओं की जानकारी

Spread the love

रुद्रप्रयाग। भाजपा सरकार के 9 वर्ष पूरे होने को लेकर पार्टी द्वारा चलाए जा रहे महाजनसम्पर्क अभियान में कार्यकर्ता और पदाधिकारी घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने सम्पर्क अभियान में घर-घर जाकर लोगों से बातचीत की और उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने विधानसभा क्षेत्र में जखोली, तल्ला नागपुर, सिद्घसौड, भरदार, रानीगढ़, धनपुर क्षेत्र के विभिन्न गांव में भ्रमण किया। इस मौके पर उनके द्वारा जनता को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, अटल आयुष्मान योजना, अटल खाद्यान्न योजना सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया। क्षेत्र में पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, प्रबुद्घजनों, विशिष्ठ व्यक्तियों से मिलकर उनसे संपर्क कर भाजपा के लिए समर्थन मांगा। विधायक ने जनता की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में त्वरित गति के साथ विकास कार्य संचालित हो रहे है। पिछले 9 वर्षों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबके विश्वास के मूल भाव के साथ सरकार कार्य कर रही है। आज भाजपा सरकार में योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 9 सालों में भ्रष्टाचार मुक्त एक मजबूत सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही है। जो पूरे विश्व में भारत का मान सम्मान बढ़ा है। विपक्ष मुद्दा विहीन हो चुका है। झूठ और समाज में नफरत फैलाने के अलावा विपक्षी पार्टियों के पास कोई कार्य नहीं बचा है। इस मौके पर उन्होंने जनता से आगामी लोकसभा चुनाव में पुन: नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए अपना सहयोग देने का अनुरोध किया। संपर्क अभियान में भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, पूर्व जिलाध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल, मंडल अध्यक्ष धूम सिंह राणा, सुरेंद्र विष्ट, जयप्रकाश सेमवाल, यशवीर चौहान, घनश्याम पुरोहित, ओम प्रकाश बहुगुणा, बूथ अध्यक्ष एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *