सफाई कर्मचारियों की समिति के साथ नगर आयुक्त ने की वार्ता
ठेका प्रथा समाप्त नहीं करने पर दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: ठेका प्रथा समाप्त करने के लिए कार्यबहिष्कार पर डटे सफाई कर्मी व नगर आयुक्त के बीच शनिवार को हुई वार्ता बेनतीजा रही। सफाई कर्मियों ने ठेका प्रथा समाप्त नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है। वहीं, शहर में सफाई व्यवस्थ बेपटरी होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा सकताने लगा है।
ठेका प्रथा समाप्त करने के लिए सफाई कर्मी पिछले छह दिन अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार पर डटे हुए हैं। ऐसे में शहर की सफाई व्यवस्था लगातार बेपटरी होती जा रही है। बढ़ रही समस्या को देखते हुए नगर आयुक्त किशन सिंह नेगी ने शनिवार दोपहर सफाई कर्मियों की समिति के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया। नगर आयुक्त ने सफाई कर्मियों से शहर की व्यवस्थाओं को देखते हुए हड़ताल समाप्त करने को कहा। लेकिन, सफाई कर्मी ठेका प्रथा समाप्त नहीं होने तक हड़ताप जारी रखने की बात पर अड़े रहे।
सफाई कर्मियों ने बंद की लाइट
सफाई कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी व नगर आयुक्त के बीच बंद कमरे में घंटों तक वार्ता चलती रही। ऐसे में अन्य सफाई कर्मी आयुक्त कक्ष के बाहर वार्ता समाप्त होने का इंतजार करते रहे। घंटों इंतजार करने के बाद भी जब कोई पदाधिकारी या अधिकारी कमरे से बाहर नहीं निकला तो सफाई कर्मियों ने नगर आयुक्त के कक्ष की बाहर से लाइट ही बंद कर दी। जिसके बाद पदाधिकारी बाहर निकले और सफाई कर्मियों को वार्ता के बारे में बताया।
संक्रामक बीमारियों का खतरा
सफाई कर्मचारियों के आंदोलन से शहर में सफाई व्यवस्था बेपटरी होती जा रही है। जगह- जगह सड़क पर वार्डों में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। लगातार उठ रही दुर्गंध के कारण आमजन का सांस लेना भी दूभर हो गया है। ऐसे में क्षेत्रवासियों को अब संक्रामक बीमारियों का खतरा सताने लगा है।