शिक्षक व अभिभावक का आपसी तालमेल बच्चे के बेहतर विकास को जरूरी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बेहतर समाज के निर्माण में शिक्षक की भूमिका बहुत अहम होती है। शिक्षक बच्चे को जो सिखाते हैं, बच्चा जीवन भर उसी मार्ग पर चलता है। बच्चे के और बेहतर विकास के लिए शिक्षक व अभिभावक का आपसी तालमेल बहुत जरूरी है। यह बात विधानसभा अध्यक्ष व कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण ने कही।
शुक्रवार को कलालघाटी स्थित एवीएन स्कूल में शिक्षा के विकास एवं शिक्षकों की भागीदारी विषय पर आयोजित गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि पहुंची विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अभिभावकों और शिक्षकों का मार्गदर्शन बच्चों के जीवन जीने की शैली को बहुत हद तक प्रभावित करता है। किसी भी देश या समाज के निर्माण में शिक्षक की अहम भूमिका होती है, कहा जाए तो शिक्षक समाज का आइना होता है। कहा कि बच्चों के पहले गुरु उनके माता-पिता होते हैं, इसलिए माता-पिता का कर्तव्य है कि वे बच्चों के शिक्षा व संस्कार पर भी ध्यान दें। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोटद्वार क्षेत्र में विकास की अपार संभावनाएं हैं, वो एक विजन के तहत कोटद्वार को आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में स्थापित करने के लिए पूरा प्रयास करेंगी। शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कार्य करने के लिए वह संकल्पित हैं। इस मौके पर शिक्षकों ने शिक्षा के सर्वांगीण विकास में नवाचार एवं डिजिटल शिक्षा को शामिल करने पर चर्चा की। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्य बंदना कुकरेती, प्रबंधक अनुराधा नैथानी, रजनीश बौड़ाई सहित शिक्षक व अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *