जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पहाड़ को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए 11 गांव आंदोलन संस्था की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत गांव-गांव से कूड़े के ढेर को एकत्रित कर उसे नष्ट किया जा रहा है। अभियान के दौरान संस्था ग्रामीणों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही है।
पिछले कई सप्ताह से संस्था जयहरीखाल क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चला रही है। अभियान के तहत गांव-गांव जाकर कूड़े को एकत्रित कर ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने अपने जीवन में स्वच्छता को अपनाने का भी संकल्प लिया। शुक्रवार को संस्था के संस्थापक आकाश सुंद्रियाल, श्रेय, निशांत मित्तल ने राजकीय इंटर कालेज जयहरीखाल के सहयोग से जयहरीखाल क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान जगह-जगह फैले कूड़े को एक जगह एकत्र कर उसे नष्ट किया गया। संस्थापक आकाश सुंद्रियाल ने बताया कि अब तक संस्था विभिन्न गांव से करीब 1.23 टन कूड़ा एकत्रित कर चुकी है। साथ ही ग्रामीणों को भी स्वच्छता का संदेश दिया गया। बताया कि अभियान का अगला उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है, जिससे पहाड़ की महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर अपनी आर्थिकी को मजबूत बना सकें।