संगठन ने उठाई कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश देने की मांग
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड वन विकास निगम कर्मचारी संगठन ने कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश देने सहित अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग की है। कहा कि कर्मचारियों के हितों को लेकर गंभीरता से कार्य किया जाना चाहिए।
आयोजित बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वह अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। बावजूद समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। बैठक में कर्मचारियों के गोल्डन कार्ड बनाने व सेवानिवृत्त कर्मचारियों का वर्ष 1991 से संबंधित एरियर, स्केलर व ग्रेड पे 200 करने की मांग पर चर्चा हुई। एक स्वर में हरिद्वार जिले में खनन गेटों पर कार्यरत कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश प्रदान करने की मांग उठाई गई। कहा कि वर्तमान में हरिद्वार प्रभाग में निगम के मूल लैंगिंग कार्य कटान व छपान का काम नहीं किया जा रहा। आरोप है कि इन कार्य में प्रभागीय लैंगिंग प्रबंधक रूचि नहीं ले रहे हैं। कहा कि खनन गेटों से चोरी रोकने हेतु भी कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया है। जिससे खनन गेटों के कर्मचारियों में आक्रोश है। चेतावनी दी है कि संगठन की ओर से उठाए गए मामलों पर तेजी से कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष दलवीर सिंह रावत, क्षेत्रीय मंत्री सोहन लाल जखमोला आदि मौजूद रहे।