दोपहर बाद धीमी पड़ी रफ्तार, शाम तक गढ़वाल में 48.16 प्रतिशत हुआ मतदान

Spread the love

सुबह के समय गढ़वाल क्षेत्र के मतदाताओं में दिखा खासा उत्साह
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लोकसभा चुनाव के लिए सुबह सात बजे से मतदान की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई थी। सुबह जहां मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा था। वहीं, दोपहर बाद यह रफ्तार धीमी पड़ गई। शाम पांच बजे तक गढ़वाल सीट में कुल 48.16 प्रतिशत मतदान हुआ।
करीब एक माह तक प्रत्याशियों के मुद्दों व भाषणों को सुनने के बाद शुक्रवार को वोटरों को मतदान करने का मौका मिला। अपने प्रत्याशी को चुनने के लिए मतदाताओं में काफी उत्साह बना हुआ था। सुबह के समय कई मतदान केंद्रों में लोगों को भीड़ जुटी हुई थी। लेकिन, दिन बढ़ने के साथ ही यह भीड़ कम हो गई। नतीजा दोपहर के बाद अधिकांश मतदान केंद्रों में एक-दो ही मतदाता नजर आ रहे थे। इसका एक प्रमुख कारण शादी का सीजन व चिलचिलाती धूप भी थी। हालांकि मत प्रतिशत बढ़ाने के लिए इस बार चुनाव आयोग ने काफी मेहनत भी की। बकायदा इंटरनेट मीडिया के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया। वहीं, मुख्य सड़कों के बाहर बूथ से संबंधित सूचना भी अंकित की गई थी। इससे लोगों को अपने केंद्र की पहचान के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ा।

गढ़वाल सीट पर शाम पांच बजे तक मत प्रतिशत
कोटद्वार – 58.77 प्रतिशत
लैंसडौन – 42.93 प्रतिशत
चौबट्टाखाल – 40.90 प्रतिशत
श्रीनगर – 53.68 प्रतिशत
पौड़ी – 50.50 प्रतिशत
यमकेश्वर – 42.30 प्रतिशत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *