श्रीनगर में भाजपा-कांग्रेस को झटका, पहली मेयर बनीं निर्दलीय आरती भंडारी
श्रीनगर। पहली बार नगर निगम के लिए हुए चुनाव में श्रीनगर में निर्दलीय प्रत्याशी आरती भंडारी जीत का परचम लहरा कर महापौर चुनी गई हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी आशा उपाध्याय को 1639 मतों से पराजित किया। निर्दलीय आरती को 7959 व भाजपा प्रत्याशी आशा को 6320 मत मिले।
महुआखेड़ागंज में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय रिजवान जीते
काशीपुर। महुआखेड़ागंज के अध्यक्ष पद पर निर्दलीय मो. रिजवान ने अपने चाचा पूर्व चैयरमेन पति अब्दुल हसन को 2622 मतों के अंतर से हरा जीत दर्ज की। शनिवार को हुई मतगणना के बाद महुआखेड़ागंज नगर पालिका अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी रिजवान अहमद ने 5096 मत प्राप्त किए। जबकि उनके चाचा निर्दलीय प्रत्याशी अब्दुल हसन को 2474 वोट मिले। वहीं बसपा प्रत्याशी मो. सलीम 1351 वोट प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे। रिजवान ने यह चुनाव सर्वाधिक मतों के अंतर से जीता है। इस सीट पर अफसर अली को 11 वोट मिले। वहीं यासीन को 81, नसीमा बेगम को 113 और मो. हनीफ को 31 मत प्राप्त हुए। चुनाव में कुल 9751 मतदाताओं ने वोट डाले थे। इनमें से 524 मत रद्द हो गए और 70 लोगों ने नोटा पर मुहर लगाई।
वार्डों में चुने गए ये सभासद
महुआखेड़ागंज के नौ वार्डों में सभासद पदों पर भी विजयी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई है। वार्ड एक से जगदीश सिंह 461, वार्ड दो से अमित कुमार सिंह 507, वार्ड तीन में विमला देवी 414, वार्ड चार में मो. इरफान 715, वार्ड पांच में आबिद हुसैन 490 वोट प्राप्त कर विजयी रहे। वार्ड छह में अफसर अली 475, वार्ड सात में सीमा बी 275, वार्ड आठ में अनीस अहमद 684 और वार्ड नौ में इरम परवीन 435 वोट पाकर विजयी रहे।
गायत्री देवी, महुआडाबारा नगर पंचायत की दूसरी
बार अध्यक्ष बनी
काशीपुर। नगर पंचायत महुआडाबरा में एक बार फिर निर्दलीय प्रत्याशी गायत्री देवी चुनाव जीत गई हैं। पारिवारिक पृष्ठभूमि भाजपा की होने और पार्टी द्वारा पंचायत में किसी को टिकट न देने के बाद भी गायत्री देवी अपना परचम लहरा दिया है।
उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी और पूर्व अध्यक्ष्र रहे बहादुरलाल को 649 वोटों से हराया। संजीव कुमार 1331 वोट पड़े। गायत्री देवी की जीत पर आरओ सुभांगनी ने उन्हें प्रमाण पत्र दिया। गांव पहुंचने पर समर्थकों ने ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया। शनिवार को नगर पंचायत महुआडाबरा के सात वार्ड सभासद और अध्यक्ष के परिणाम आए। वार्ड एक से मोनिका, वार्ड दो से निशा देवी, वार्ड तीन से मुस्कान आलम, वार्ड चार से नूतन, वार्ड पांच से गुलशन जहां, वार्ड छह से महताब जहां, वार्ड सात से राजबाला देवी विजयी घोषित हुईं। बताते हैं कि इस बार पिछला कोई भी सभासद रिपीट नहीं हुआ है। बोर्ड में सभी नए सभासद होंगे। वहीं, अध्यक्ष पद पर गायत्री देवी दूसरी बार अध्यक्ष चुनी गईं। उन्हें 2066 मत मिले। जबकि बहादुर लाल को 1417 तो संजीव कुमार 1331 मत पड़े। गांव के पांच लोगों ने नोटा का प्रयोग भी किया। जबकि 205 मत निरस्त भी हुए। बता दें कि चुनाव में 6607 में से 5174 लोगों ने अपने मतों को प्रयोग किया।
जनता के विश्वास पर खरा
उतरूंगी : गायत्री देवी
जसपुर। दूसी बार अध्यक्ष बनी गायत्री देवी ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें दोबारा अध्यक्ष बनाया है। उस विश्वास को वह कभी डगमगाएंगी नहीं। पिछले बोर्ड में रूके विकास कार्यों को बोर्ड की पहली बैठक में पास कराकर उन्हें शुरू कराया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों का आभार जताते हुए कहा कि पंचायत के विकास कार्यों में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
बड़कोट में निर्दलीय
प्रत्याशी विनोद डोभाल 1924 मतों से जीते
उत्तरकाशी। बड़कोट नगर पालिका में अध्यक्ष पर निर्दलीय उम्मीदवार विनोद डोभाल ने भाजपा प्रत्याशी अतोल सिंह रावत को बड़े अंतर से मात दी। यहां नगर पालिका में अध्यक्ष पद पर विनोद डोभाल ने 3606 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के अतोल सिंह रावत को 1924 मतों से पराजित किया। बड़कोट नगर पालिका चुनाव में शनिवार को सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई। सबसे पहले पोस्टल बैलट की गिनती शुरू हुई। 29 पोस्टल बैलट में से निर्दलीय विनोद विनोद डोभाल को 18 तथा भाजपा प्रत्याशी अतोल सिंह रावत को आठ मत प्राप्त हुए। जिसके बाद मत पत्रों की गणना शुरू हुई। बड़कोट नगर पालिका में कुल 6568 मत पड़े, जिसमें से निर्दलीय प्रत्याशी विनोद डोभाल को 3606 तथा भाजपा प्रत्याशी अतोल सिंह रावत को 1682 मत पड़े।
580 मतों से जीती
बिंदिया अग्रवाल
ऋषिकेश। नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की। यहां अध्यक्ष पद पर कांग्रेस प्रत्याशी बिंदिया अग्रवाल ने भाजपा प्रत्याशी को 580 मतों से हराया। नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक में पिछले कार्यकाल में भी अध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा रहा। कांग्रेस की इसी जीत को अब महिला आरक्षित सीट होने के बावजूद भी कांग्रेस प्रत्याशी बिंदिया अग्रवाल ने दोहराया है। यहां बिंदिया अग्रवाल ने अपनी प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी हिमानी राणा को 580 मतों से शिकस्त दी। यहां बिंदिया अग्रवाल ने 1903 मत, जबकि भाजपा की हिमानी राणा को 1323 मत मिले। वहीं सभासद पद पर वार्ड नंबर एक से रेणुका भंडारी, वार्ड नंबर 2 से सुरुचि अवस्थी, वार्ड नंबर 3 से जितेंद्र धाकड़ और वार्ड नंबर 4 से मुरली शर्मा ने जीत दर्ज की।
भाजपा के तीन, कांग्रेस का
एक सभासद जीता
नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस का दबदबा रहा। वहीं सभासद पद पर भाजपा का दबदबा रहा। यहां वार्ड नंबर एक से भाजपा की रेणुका भंडारी, वार्ड दो से भाजपा की सुरुचि अवस्थी, वार्ड तीन से जितेंद्र धाकड़ और वार्ड चार से कांग्रेस के मुरली शर्मा ने जीत दर्ज की।
नगर पंचायत तपोवन में भाजपा की विनीता जीती
ऋषिकेश। नगर निकाय चुनाव के तहत नगर पंचायत तपोवन में हुए मतदान की मतगणना हुई। जिसमें नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी विनीता बिष्ट ने जीत दर्ज की। विनीता बिष्ट ने निर्दलीय प्रत्याशी रोशनी बिष्ट को 266 से हराया। नरेन्द्रनगर तहसील परिसर में नगर पंचायत तपोवन के चुनाव को लेकर शनिवार को मतगणना हुई। जिसमें भाजपा के पक्ष में निर्णय आया। नगर पंचायत तपोवन अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी विनीता बिष्ट ने 1081 मत प्राप्त किए।
जबकि उनकी प्रतिद्वंदी निर्दलीय प्रत्याशी रोशनी बिष्ट को 815 मत मिले। इसके अलावा वार्ड सदस्य पद पर यहां वार्ड नंबर एक से भाजपा प्रत्याशी ज्योति भंडारी ने जीत दर्ज की। वार्ड एक में ज्योति भंडारी को 251 मत, निर्दलीय प्रत्याशी अदिति कुलियाल को 99 मत मिले, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी रेनू कंडारी को 89 मत मिले।
वार्ड दो में निर्दलीय प्रत्याशी नरेंद्र कैन्तुरा को 255, भाजपा प्रत्याशी रवि भंडारी को 254, निर्दलीय प्रत्याशी राजेंद्र रावत को 133 मत मिले। यहां निर्दलीय प्रत्याशी नरेंद्र कैंतुरा ने एक वोट से जीत दर्ज की। वार्ड संख्या 3 में भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र गुसाईं को 198 मत, निर्दलीय प्रत्याशी पूरन सिंह भंडारी को 114, अभिषेक शर्मा को 76 मत मिले। भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र गुसाई ने 84 वोट से जीत दर्ज की। वार्ड संख्या 4 में भाजपा प्रत्याशी आशा बिष्ट को 241, निर्दलीय प्रत्याशी बीना पुंडीर को 173 मिले। आशा बिष्ट ने 64 मत से जीत दर्ज की।
एक वोट से चुनाव हारने पर निर्दलीय प्रत्याशी ने काटा हंगामा
हरिद्वार। वार्ड नंबर 12 निर्मला छावनी से एक वोट से चुनाव हारे निर्दलीय प्रत्याशी विकास कुमार विक्की ने रिकाउंटिंग न होने पर हंगामा खड़ा कर दिया। पुलिस ने हंगामा करने पर उन्हें मतगणना स्थल के बाहर कर दिया। हरिद्वार के भल्ला इंटर कॉलेज में निकाय चुनाव की मतगणना जारी है।
हरिद्वार नगर निगम के वार्ड नंबर 12 निर्मला छावनी से निर्दलीय प्रत्याशी विकास कुमार विक्की महज एक वोट से चुनाव हार गए। चुनाव हारने के बाद विकास कुमार ने हंगामा खड़ा कर दिया और प्रशासन से रिकाउंटिंग कराने की मांग की।