औली से लेकर बदरीनाथ तक की चोटियां बर्फ से सफेद हुईं

Spread the love

चमोली। चमोली जिले में रविवार रात हुई बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हुई। औली से लेकर बदरीनाथ तक चोटियों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। जिन पहाड़ियों पर अक्सर दिसंबर-जनवरी माह में बर्फ पड़ती थी वहां भी मार्च माह में बर्फबारी देखने को मिली। ऊँचाई वाले क्षेत्रों के गांव रामणी, पाणा, ईराणी, झींझी सहित कई गांव सोमवार को बर्फ के आगोश में रहे। हालांकि सोमवार सुबह तेज धूप खिली तो अधिकांश जगह पर बर्फ तेजी से पिघल गई। रविवार को मौसम बदलने से दोपहर को हल्की बारिश हुई लेकिन देर शाम को तेज बारिश शुरू हो गई। रात करीब साढ़े 12 बजे तक झमाझम बारिश होती रही। सुबह जब लोग उठे तो अधिकांश चोटियां बर्फ से सफेद हो गई थीं। औली घूमने आए पर्यटक बर्फ देखकर खासे उत्साहित हो गए। मार्च माह में पर्यटकों को बर्फ की कोई उम्मीद नहीं थी लेकिन मौसम की मेहरबानी से औली में अच्छी बर्फ पड़ गई है। रुड़की से औली पहुंचे विवेक और समृद्धि का कहना है कि इस समय हमें औली में बर्फ देखने को मिली है। मार्च में भी यहां बर्फ का नजारा देखने को मिला है। वहीं पाणा-ईराणी गांव में भी बर्फबारी हुई है। गोपेश्वर के सामने की चोटियां बर्फ से ढकी रहीं। मंडल के ऊपरी क्षेत्र में भी बर्फबारी हुई है।
बदरीनाथ धाम में आधा फीट से अधिक बर्फ: बर्फबारी होने से बदरीनाथ धाम का नजारा देखने लायक बना है। बदरीनाथ में आधा फीट से अधिक बर्फ जमी है। बर्फबारी के बाद सुबह जब सूरज की किरणें धाम में पड़ी तो यहां का नजारा खासा विहंगम बना रहा। वहीं बारिश से जंगलों में लगी आग भी बुझ गई है। इससे वन विभाग ने राहत की सांस ली है।
बर्फ से ढके बुग्याल, पर्यटक स्थल हुए गुलजार: कर्णप्रयाग। बीते रविवार को हुई बारिश से मुख्य पर्यटन स्थल रूपकुंड, आयजनटॉप, आली, वेदनी बुग्याल, ब्रह्मताल बुग्याल, बगजी बुग्याल बर्फ से ढक गए हैं। सोमवार को बर्फबारी देखने ब्रह्मताल व वाण-वेदनी ट्रैक पर करीब 45 पर्यटक पहुंचे। वहीं लोहाजंग के लॉज व्यवसायी व रूपकुंड पर्यटन विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष इंद्र सिंह राणा ने बताया कि ट्रैकिंग कंपनी विकट एडवेंचर व इंडिया हैक्स के माध्यम से पर्यटक सोमवार सुबह लोहाजंग से रवाना हुए। पर्यटन स्थलों पर एक से दो फीट बर्फबारी हुई है। वहीं बुग्याल व गांव के आसपास हुई बर्फबारी से हिमालयी क्षेत्र के गांव वाण, कुलिंग, घेस, बलाण, हिमनी, पिनाऊं, वांक, लोहाजंग, दीदना आदि गांवों में भी सर्द हवा चलने से ठंड बढ़ गई है। वहीं कर्णप्रयाग में मौसम बदलने से ठंड बढ़ गई है।
झमाझम बारिश हुई: आदिबदरी। बारिश के बाद सोमवार सुबह चटख धूप खिली और दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। यहां झमाझम बारिश होने लगी। ठंड से बचने के लिए लोगों के गर्म कपड़े फिर निकल आए। बारिश को बागवानी तथा अन्य फसलों के लिए लाभकारी माना जा रहा है। वहीं आदिबदरी में रविवार रात को मूसलाधार बारिश हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *