मंत्री की विधानसभा में सड़कों के गड्ढे तोड़ रहे कमर

Spread the love

कांग्रेस प्रभारी ने चौबट्टाखाल में ली कार्यकर्ताओं की बैठक
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। कांग्रेस प्रभारी लक्ष्मण सिंह रावत ने चौबट्टाखाल का भ्रमण करते हुए कार्यकर्ताओं की बैठक ली। कहा कि लोक निर्माण विभाग के मंत्री सतपाल महाराज की विधानसभा में सड़कों के गड्ढे आमजन की कमर तोड़ रहे हैं।
मंगलवार को ब्लाक अध्यक्ष महेन्द्र सिंह रावत की अध्यक्षता मे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एकेश्वर की बैठक में पार्टी को बूथ स्तर पर मजबूत करने को लेकर चर्चा की गई। प्रभारी लक्ष्मण सिंह रावत ने कहा चौबट्टाखाल के वर्तमान विधायक के पास लोक निर्माण विभाग होने के बावजूद पूरे चौबट्टाखाल विधानसभा मे सड़कों का खस्ता हाल है। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हैं, जिससे आये दिन दुर्घटना हो रही है। कहा कि चुनाव के लिये बहुत कम समय है और कार्यकर्ताओं को अब एकजुट होकर पार्टी के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र व प्रदेश सरकार की जन विरोधी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। कहा कि कार्यकर्ताओं के एकजुट होने से ही आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी। जिलाध्यक्ष विनोद नेगी ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुटता के साथ कांग्रेस के लिये कार्य होगा। जल्द ही सभी कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर कांग्रेस का प्रचार कर कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का काम करेंगे। भाजपा ने बीते साढे़ चार सालों में महंगाई, बेरोजगारी दी है। विकास की जो योजनाएं कांग्रेस के कार्यकाल की थी वह भी आज अधर में है। बैठक मे अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी के सदस्य राजपाल बिष्ट, प्रदेश सचिव कविंद्र इष्टवाल,प्रदेश उपाध्यक्ष केशर सिंह नेगी,पूर्व प्रमुख एकेश्वर जसपाल रावत,माया गुसांई, सुरेन्द्र रावत, जितेन्द्र नेगी, दीपक असवाल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *