पिथौरागढ़। ऊर्जा निगम कर्मियों ने यहां प्रदर्शन किया। कर्मियों ने सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय से वे विभिन्न मांगों को लेकर संघर्षरत हैं, लेकिन उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। शनिवार को विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बिजली कर्मचारी संघ ने विरोध जताया। प्रांतीय मंत्री उमेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में कर्मी ऊर्जा निगम के समीप एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कर्मियों ने कहा एक विभाग में एक समान कार्य के बावजूद एक कर्मी को तीस हजार वेतन दिया जाता है, वहीं एक उपनल कर्मी को सात से दस हजार ही दिया जाता है। उन्होंने उपनल कर्मियों को नियमित करते हुए समान कार्य समान वेतन देने की मांग उठाई है। साथ ही उन्होंने कार्मिकों को एसीपी की पूर्व व्यवस्था बहाल करने व वर्ष 2005 तक नियुक्त कार्मिकों को पुरानी पेंशन का लाभ दिलाने को कहा है।