मांगों को लेकर छात्रों ने किया प्रदर्शन

Spread the love

विश्व विद्यालय में ऑफलाइन कक्षा संचालन व रिक्त सीटों पर प्रवेश की मांग
जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि के बिड़ला परिसर में स्नातक कक्षाओं के ऑफलाइन संचालन, रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने के साथ ही छात्र संघ चुनाव करवाने की मांग को लेकर जय हो छात्र संगठन ने प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर कुलपति का पुतला भी फूंका।
बुधवार को बिड़ला परिसर में एकत्रित हुए जय हो छात्र संगठन के जिला अध्यक्ष आयुष मियां व निवर्तमान छात्र संघ अध्यक्ष अंकित रावत ने विवि प्रशासन पर छात्रों की समस्याओं का समाधान न कराए जाने का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विवि कोरोना की आड़ लेकर स्नातक कक्षाओं को ऑफलाइन संचालित नहीं करा रहा है। जिससे छात्रों का प्रयोगात्मक ज्ञान शून्य हो गया है। कहा परीक्षा परिणाम में छात्रों द्वारा परीक्षा दिए जाने के बावजूद उन्हें अनुपस्थित दिखाया जा रहा है व परीक्षा परिणाम में भारी त्रुटियां हो रही है। जिससे छात्रों को मानसिक परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। उक्त समस्याओं के निराकरण को लेकर छात्र नेताओं की ओर से कुलपति को ज्ञापन भी दिया गया। कहा यदि समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं हुआ तो उन्हें उग्र आंदोलन को विवश होना पड़ेगा। मौके पर कैवल्य जखमोला, अंशु थपलियाल, वीरेंद्र बिष्ट, अमित धनाई, आयुष्मान पांडेय, विकास चौहान आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *