चमोली : एक वर्ष पूर्व ज्योतिर्मठ के पांडुकेश्वर के रहने वाले एक व्यक्ति से उसके वाहन को झूठा आश्वासन देकर ठगी कर ले जाने वाले को पुलिस ने जयपुर राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल देवेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि 24 नवंबर को पांडुकेश्वर गांव के रहने वाले रूपेश ने कोतवाली ज्योतिर्मठ में तहरीर दी कि एक वर्ष पूर्व ऋषिकेश से संचालित एक कंपनी के कथित मालिक ने उससे जान पहचान बढ़ाई और उसे उसकी कार को टिहरी स्थित एडीएम कार्यालय में लगाने का झूठा आश्वासन दिया व कहा कि इसके एवज में वह 42 हजार प्रतिमाह दिलवायेगा। लेकिन एक वर्ष से अधिक का समय बीत जाने पर भी न तो उसके वाहन को आरोपी ने सरकारी विभाग में लगाया, न मासिक किराया दिया न ही वाहन वापस लौटाया। कोतवाल ने बताया कि वाहन स्वामि रूपेश ने बताया कि अब आरोपी उसका वाहन भी वापस नहीं कर रहा है। बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के आदेश पर एक विशेष टीम गठित की गई व टीम ने कई शहरों में छापेमारी करने व मुखबिर आदि से सुराग पाने के बाद अभियुक्त प्रवीन सिंह पुत्र भानु सिंह निवासी ग्राम व पोस्ट अमसारी, थाना देवप्रयाग, जनपद टिहरी गढवाल उम्र 28 वर्ष’ को जयपुर राजस्थान से गिरफ्तार किया। बताया टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद रावत, हेड कांस्टेबल सतीश रावत, कांस्टेबल आशुतोष तिवारी स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप, कांस्टेबल राजेन्द्र रावत स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप शामिल थे। (एजेंसी)