जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : निंबूचौड़ क्रेडिल पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। इस दौरान नन्हें बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी अमित चंद व प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष अजयपाल सिंह रावत व विद्यालय की संचालिका रेणुका गुसांई ने किया। कक्षा दो के छात्र-छात्राओं ने जंक फूड व फास्ट फूड के दुष्परिणामों को लेकर नृत्य नाटक प्रस्तुत किया। लोगों को प्राकृतिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कक्षा छठवीं के छात्र-छात्राओं ने पंजाबी लोकनृत्य गिद्दा व राजस्थान के लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। खंड शिक्षा अधिकारी ने बच्चों को सोशल मीडिया के दुष्परिणामों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कहा कि सोशल मीडिया ने वर्तमान में छोटे बच्चों से लेकर परिवार के हर व्यक्ति को अपने चंगुल में फंसा रखा है, जिससे व्यक्ति समाज व परिवार से अलग हो रहा है। इसके अलावा इससे मानसिक समस्या व नेत्र विकार जैसी समस्या भी हो रही है। कहा कि माता-पिता सोशल मीडिया पर इतने व्यस्त है कि उन्हें अपने पाल्यों के लिए भी समय नही हैं। इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे।