प्रह्लाद पल्सिया में धरना 12वें दिन भी जारी रहा

Spread the love

रुद्रपुर(। प्रह्लाद पल्सिया में रह रहे पांच परिवारों को हटाने से पहले पुनर्वास की मांग को लेकर दिया जा रहा धरना रविवार को 12वें दिन भी जारी रहा। रविवार को कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के पूर्व अध्यक्ष किरण मंडल धरनास्थल पर पहुंचे और आंदोलन को समर्थन देते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। प्रह्लाद पल्सिया स्थित करीब 41 एकड़ राजस्व भूमि को एक्वा पार्क के लिए हस्तांतरित किया गया है। प्रशासन ने इस भूमि का अधिग्रहण कर इसे मत्स्य विभाग को सौंप दिया है, जहां एक्वा पार्क निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यहां रह रहे पांच परिवारों को हटाने के लिए 12 दिन पहले प्रशासन व पुलिस बल मौके पर पहुंचा था, लेकिन प्रभावित परिवारों और जनप्रतिनिधियों के विरोध के कारण कार्रवाई रोकनी पड़ी और जेसीबी वापस ले जानी पड़ी। परिवारों का कहना है कि उन्हें हटाने से पहले पट्टे देकर किसी अन्य स्थान पर बसाया जाए। इसी मांग को लेकर प्रभावित परिवार और जनप्रतिनिधि लगातार धरने पर बैठे हैं। धरने के 12वें दिन केएमवीएन के पूर्व अध्यक्ष किरण मंडल ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा दिया था और वह प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि संघर्ष को एकजुट होकर ही सफल बनाया जा सकता है। धरनास्थल पर नगर पंचायत शक्तिगढ़ के अध्यक्ष सुमित मंडल, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष उत्तम आचार्य और पूर्व पालिकाध्यक्ष हरीश दुबे भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *