जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में लगाए गए स्मार्ट मीटर को हटाने की मांग को लेकर लोगों का धरना शुक्रवार को भी जारी रहा। लोगों ने ऊर्जा निगम से जल्द से जल्द स्मार्ट मीटर हटाने की मांग उठाई। कहा कि जनता का शोषण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शुक्रवार को लोगों ने तहसील परिसर में ऊर्जा निगम व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। धरने पर डटे लोगों ने कहा कि लगातार शिकायत के बाद भी ऊर्जा निगम घरों में लगे स्मार्ट मीटर को नहीं हटा रहा है। स्मार्ट मीटर के कारण घरों में बिजली का बिल चार गुना आ रहा है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी गरीब परिवारों को हो रही है। मेहनत मजदूरी करने वालों की पूरी कमाई केवल बिजली के बिल को भरने में ही जा रही है। कहा कि सरकार को जल्द से जल्द स्मार्ट मीटर को हटाकर पुराने मीटर लगवाने चाहिए। जिससे लोगों को राहत मिल सकें। इस मौके पर पार्षद रीता देवी, बीना देवी, मदन सिंह, परमानंद, राम प्रकाश, इरफान, नसरीन, सुनील सिंह, राकेश नौटियाल, चंद्रमोहन आदि मौजूद रहे।