श्रीनगर गढ़वाल : भारतीय जनता पार्टी श्रीनगर मंडल के अंतर्गत शनिवार को आदिति स्मृति न्यास में भाजपा बूथ अध्यक्ष एवं बूथ प्रभारी समिति का स्वागत और अभिनंदन समारोह सम्पन्न हुआ। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत किए गए विकास कार्यों को रखा। कहा कि श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र की जनता भाजपा का मेयर और पार्षदों को जिताकर इनाम देगी। उन्होंने कहा कि जनता के साथ मिलकर भाजपा श्रीनगर नगर निगम को प्रदेश का नंबर वन नगर निगम बनाने का काम करेंगे।
समारोह में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, भाजपा जिला प्रभारी विजय कपरवाण, भाजपा जिलाध्यक्ष सुषमा रावत एवं श्रीनगर नगर निगम चुनाव प्रभारी रमेश गड़िया ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत गंगा दर्शन के समीप 5 करोड़ की लागत से गोशाला बनाई जा रही है, जो भी एक गाय का पालन पोषण करेगा उसको 80 रुपये दिए जाएंगे। कहा कि स्थानीय गोला बाजार को ढाई करोड़ की लागत से ऐतिहासिक बनाया जाएगा, जिसमें घंटाघर भी बनाया जाएगा, कमलेश्वर मंदिर का भव्य गेट बनाया जाएगा जो लगभग ढाई करोड़ का होगा, 5 करोड़ के लागत से गंगा म्यूजियम बनाया जायेगा। जिला प्रभारी विजय कप्रवान ने कहा सभी एकजुट होकर मेयर और पार्षद का चुनाव जिताने में जुट जाए। भाजपा जिला अध्यक्ष सुषमा रावत ने बताया कि पौड़ी जिले के अंतर्गत जितने भी नगर पंचायत, नगर पालिका, नगर निगम में भाजपा ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी। इस मौके पर नगर निगम चुनाव प्रभारी सुरेश गाड़िया, श्रीनगर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र धीरवान सहित आदि मौजूद थे। (एजेंसी)