झमाझम बारिश ने बदला मौसम, उमस भरी गर्मी से मिली राहत

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। रविवार सुबह झमाझम बारिश से तापमान गिरने से उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों ने राहत की सांस ली। करीब एक घंटे की बारिश ने धान की सिंचाई की समस्या हल कर किसानों के चेहरे खिला दिए। वहीं बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोलकर रख दी है। बारिश के दौरान पानी नालियों में नहीं बल्कि सड़कों पर बह रहा था। जिससे लोगों को भारी परेशानियां उठानी पड़ी। बारिश के दौरान स्टेशन रोड, झंडाचौक और बद्रीनाथ मार्ग पर पानी सड़कों पर बह रहा था।
बढ़ती गर्मी व तपिश से लोगों को रविवार को राहत मिली। पिछले एक सप्ताह से शहर के लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल लग रहे थे। सुबह से लेकर दोपहर तक लोग भीषण गर्मी का अनुभव कर रहे थे। बारिश के बाद लोगों को राहत मिली। रविवार को सुबह से आसमान हल्के बादलों ने डेरा डाल लिया, करीब साढ़े 10 बजे आसमान में घने बादल छा गये। पौने 11 बजे झमाझम बारिश शुरू हो गई। जिसके बाद उमस भरी गर्मी से बेहाल हो रहे लोगों को राहत मिल गई। मौसम सुहाना हो गया और लोग घरों के बाहर गली-मोहल्लों की सड़कों पर व घरों की बालकोनी पर मौसम का आनंद लेते दिखाई देने लगे। पिछले कुछ समय से अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर रहने के चलते लोग उमस भरी गर्मी से बेहाल थे। भीषण गर्मी की वजह से किसानों की ओर से हाल ही में रोपी गई धान की फसल भी बिना सिंचाई के खराब हो रही थी। वहीं भीषण गर्मी के कारण बाजार में सन्नाटा पसर रहा था। बिना सिंचाई के जमीनों में दरार पड़ने से धान की फसल खराब होने की आशंका बढ़ गई थी, लेकिन रविवार को इंद्रदेव ने सबकी सुनी। सुबह करीब पौने 11 बजे झमाझम बारिश शुरू हो गई। कभी मूसलधार तो कभी रिमझिम बारिश के चलते खेत जलमग्न होने पर किसानों के चेहरे खिल उठे। साथ ही तापमान करीब तीन डिग्री नीचे आने पर भीषण गर्मी से बेहाल नागरिकों ने राहत की सांस ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *