लाखों की लागत से बनी सड़क, फिर भी पड़ी बदहाल

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार किस कदर घर कर बैठ गया है, प्रखंड द्वारीखाल के अंतर्गत कांडाखाल-चंडाखाल-बनाली मोटर मार्ग को देख इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। करीब चार लाख की लागत से खंड विकास कार्यालय ने 375 मीटर सड़क का कटान तो कर दिया। लेकिन, सड़क आज तक चलने लायक नहीं है। सड़क कटान के कारण काश्तकारों की खेतों को नुकसान भी पहुंचा।
द्वारीखाल ब्लाक के अंतर्गत कांडाखाल से ग्राम बनाली को सड़क से जोड़ने के लिए विधायक निधि से वर्ष 2021 में चार लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई थी। मोटर मार्ग निर्माण का कार्य प्रारंभ होने से ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा की उम्मीद थी। लेकिन, लाखों की धनराशि खर्च करने के बाद भी मार्ग गाड़ी छोड़िए, पैदल चलने लायक भी नहीं है। कई स्थानों पर मार्ग का हिस्सा खाई में समा गया है। मार्ग में निकले नुकीले पत्थरों से ग्रामीणों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीण दीपक कुमार, मदन कंडवाल, सुदेश कंडवाल ने बताया कि वर्षाकाल के दौरान मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। ऐसे में अब भी डेढ़ किलोमीटर कांडाखाल बाजार पैदल ही आना पड़ रहा है। मार्ग मरम्मत के संबंध में कई बार अधिकारियों को शिकायत कर चुके हैं। लेकिन, अब तक कोई भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर झांकने तक नहीं पहुंचा।

चट्टान से गिर रहे पत्थर
मार्ग के ऊपर चट्टान से पत्थर गिरने का डर बना हुआ है। ऐसे में सबसे अधिक खतरा बच्चों को बुजुर्गों को बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के समय मार्ग से पैदल चलना एक चुनौती बन जाती है। लाखों खर्च करने के बाद भी ग्रामीणों को इस मार्ग का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में सरकारी सिस्टम को मार्ग की हालत सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।

क्या कहते है अधिकारी
खंड विकास अधिकारी द्वारीखाल बीडी रतूड़ी का कहना है कि मामला जानकारी में नहीं है। जल्द ही मार्ग का निरीक्षण किया जाएगा। विधायक निधि से मार्ग निर्माण किया गया है। निरीक्षण के उपरांत मरम्मत के लिए बजट स्वीकृत के लिए प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *