कोटद्वार शहर में बदहाल स्थिति में पड़ी है सड़कें
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में शायद ही कोई ऐसी सड़क हो जो आपकों बदहाल स्थिति में न दिखाई दें। वर्षा काल के बाद से सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढे वाहन चालकों की कमर तोड़ रहे हैं। शिकायत के बाद भी नगर निगम व लोक निर्माण विभाग गड्ढों को भरने तक की सुध नहीं ले रहा। गड्ढों की चपेट में आने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
शहर में बाजार से लेकर भाबर तक की सड़कों की बुरी स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर गड्ढे इतने बड़े हैं कि इनकी चपेट में आने से दोपहिया वाहन चालक भी चोटिल हो रहे हैं। हल्की वर्षा होने पर यह गड्ढे पूरी तरह पानी से भर जाते हैं। जिस कारण सबसे अधिक दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। मालगोदाम रोड से लालपानी तक पग-पग पर गड्ढे देखाई दे रहे हैं। वहीं, मानपुर चौराहे से बेलाडाट को जाने वाले मार्ग की सबसे बुरी स्थिति बनी हुई है। मार्ग पर कुछ माह पूर्व बिछाई गई इंटरलाकिंग टाइल भी जगह-जगह से उखड़ चुकी है। जगह-जगह टूट कर पड़ी टाइल्स से पैदल चलने वाले भी चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने जनता के हित को देखते हुए जल्द ही मार्ग के मरम्मत की मांग की है। वहीं, निगम क्षेत्र के वार्डों में भी सड़कों की बुरी स्थिति बनी हुई है।